Chhath ghat gate: शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड 1 और 10 में छठ घाट के प्रवेश द्वार निर्माण में अनियमितता का आरोप लगा है। वार्ड 09 की पार्षद बबीता देवी ने कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र सौंपकर काम रोकने, जांच कराने और मानक के अनुरूप पुनर्निर्माण की मांग की है।
- हाइलाइट: Chhath ghat gate
- वार्ड 09 की पार्षद बबीता देवी ने ईओ को दिया पत्र।
वार्ड 10 में कचरे के ढेर के ऊपर छठ गेट निर्माण
आरा। शाहपुर नगर पंचायत मासिक बोर्ड की बैठक में मुख्य पार्षद जुगनू देवी के मनमानी के खिलाफ वार्ड संख्या 09 की पार्षद बबीता देवी ने गंभीर प्रश्न उठाए हैं। छठ घाट के नाम पर किए जा रहे गेट निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार को एक पत्र सौंपकर आग्रह किया है कि इन निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोककर तोड़ा जाए तथा कनीय अभियंता की प्रत्यक्ष उपस्थिति में मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
Chhath ghat gate: निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल
पार्षद बबीता देवी ने अपने शिकायती पत्र में उल्लेख किया है कि नगर पंचायत के वार्ड संख्या 01 और वार्ड संख्या 10 में छठ घाट के प्रवेश द्वार (गेट) का निर्माण कार्य चल रहा है, जो अत्यंत ही निम्न स्तर और घटिया सामग्री के साथ कराया जा रहा है।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का पूरी तरह से उल्लंघन किया जा रहा है, न तो इसमें तय पैमाने के अनुसार उच्च गुणवत्ता वाली छड़ का प्रयोग किया जा रहा है और न ही नियमानुसार निर्धारित गहराई तक पिलर की खुदाई की गई है।
इसके अतिरिक्त, सीमेंट के इस्तेमाल में भी भारी अनियमितता बरती जा रही है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि घटिया निर्माण के कारण यह संरचना कभी भी धराशायी हो सकती है।
कचरे के ढेर के ऊपर गेट निर्माण का आरोप
विशेष तौर पर वार्ड संख्या 10 में बन रहे गेट के संदर्भ में उन्होंने बताया कि इसका निर्माण कचरे के एक बड़े ढेर के ऊपर किया जा रहा है, जो इसकी मजबूती को और अधिक संदिग्ध बनाता है और दुर्घटना की संभावना को बढ़ाता है।
पार्षद ने कार्यपालक पदाधिकारी से पुरजोर आग्रह किया है कि इन दोनों स्थानों पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रोककर तोड़ा जाए तथा कनीय अभियंता की प्रत्यक्ष उपस्थिति में मानक के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए।
प्राक्कलन राशि का सूचना बोर्ड नहीं
इस पूरे प्रकरण में एक और गंभीर पहलू सामने आया है कि छठ घाट के नाम पर किए जा रहे इस निर्माण स्थल पर प्राक्कलन राशि (स्टीमेट अमाउंट), योजना का नाम और विवरण से संबंधित कोई भी सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जो पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े करता है।
योजना स्वीकृति के पहले ही निर्माण कार्य शुरू
इसके अलावा, नगर बोर्ड की बैठक में इस योजना के संदर्भ में आधिकारिक प्रस्ताव पारित होने से पूर्व ही कार्य आरंभ कर दिया जाना कई जनप्रतिनिधियों में चर्चा और कौतूहल का विषय बना रहा।











