शव को पहचान हेतु पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया
बुधवार की शाम से ही इमरजेंसी में लावारिस स्थिति में पड़ी थी महिला
गुरुवार की सुबह वार्ड मेडिकल वार्ड में कराया गया था भर्ती
खबरें आपकी,आरा। सदर अस्पताल के मेडिकल वार्ड में इलाजरत एक अज्ञात महिला ने गुरुवार की दोपहर दम तोड़ दिया। उसकी उम्र 50-55 वर्ष के आसपास बताई जाती है। जानकारी के मुताबिक उक्त महिला को बुधवार की शाम किसी अंजान शख्स द्वारा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में लाया गया था। उक्त महिला की किसी ने खोज खबर नहीं ली। आज सुबह करीब आठ बजे इमरजेंसी में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. अरुण कुमार द्वारा महिला का जांच किया गया एवं उसे वार्ड में भर्ती किया।
इसकी जानकारी वार्ड बॉय द्वारा मेडिकल वार्ड में ड्यूटी पर तैनात नर्स को दे दी। हालांकि काफी देर तक महिला वार्ड में पड़ी रही। जहां उसकी सुधि नहीं ली गयी। बाद में इसकी सूचना पत्रकार द्वारा अस्पताल प्रबंधक मनोज कुमार को दी। इसके बाद महिला को स्लाइन चढाना शुरु किया गया। दोपहर में इलाज के दौरान ही महिला ने दम तोड़ दिया।
चिकित्सक की मानें तो उसकी मौत हृदयघात एवं अन्य वजहों से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। अस्पताल प्रशासन द्वारा शव को पहचान हेतु पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया है।