Ara Hardware Dukanadar Hatya: आरा के पावरगंज सूर्य मंदिर के पास हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या मामले में प्राथमिकी दर्ज, संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप, दो आरोपित गिरफ्तार।
- हाइलाइट: Ara Hardware Dukanadar Hatya
- प्राथमिकी में सगे भाइयों समेत तीन नामजद और अज्ञात आरोपित
पुलिस ने राजेश कुमार और विजय सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेजा
आरा। आरा में हार्डवेयर दुकानदार उपेंद्र कुमार सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। प्राथमिकी में सगे भाइयों समेत तीन लोगों को नामजद आरोपित बनाया गया है। इसके अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राथमिकी मृतक की मां पाचो देवी के बयान पर दर्ज की गई है। वह गोढ़ना रोड स्थित गौतम बुद्ध नगर, वार्ड नंबर-44 की निवासी हैं। प्राथमिकी के अनुसार, 10 अक्टूबर की सुबह करीब सात बजे उपेंद्र कुमार सिंह रोज की तरह स्कूटी से न्यू बहिरो स्थित बैजू हार्डवेयर दुकान जाने के लिए निकले थे।
बताया गया है कि जब वह पावरगंज सूर्य मंदिर के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि इसी दौरान हमलावरों ने उनकी दाहिनी कनपटी में गोली मार दी। गोली लगने के बाद उपेंद्र कुमार सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Ara Hardware Dukanadar Hatya: संपत्ति विवाद में हत्या का आरोप
मृतक की मां ने प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे को लेकर पट्टीदारों के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण संदेश थाना क्षेत्र के बड़िहां गांव निवासी राजेश कुमार उर्फ एमपी और रंजन कुमार, दोनों स्वर्गीय रामनाथ सिंह के पुत्र, ने कुछ अज्ञात रिश्तेदारों के साथ मिलकर उनके बेटे की हत्या की।
प्राथमिकी में पाचो देवी ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को राजेश कुमार उर्फ एमपी ने गोली मारी। वहीं, विजय सिंह को इस हत्याकांड का साजिशकर्ता बताया गया है।
दो आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजेश कुमार उर्फ एमपी और विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस मामले में नामजद तीसरे आरोपित रंजन कुमार की गिरफ़्तारी हेतु छापामारी और अन्य अज्ञात आरोपितों की भूमिका की भी जांच कर रही है।











