Ara Mayor: बैठक में शहर में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
- हाइलाइट:Ara Mayor
- महापौर इंदु देवी बोली: आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां करें पूरी
- वार्ड के सभी जमादार, एवं रोड सुपरवाइजर को दो पाली में सफाई करने का निर्देश
- बैठक में बुडको, पथ निर्माण विभाग (RCD), आईओसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी थे मौजूद
आरा। दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ पूजा सहित अन्य पर्व-त्योहारों को देखते हुए मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर श्रीमती इंदु देवी की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही बुडको, पथ निर्माण विभाग (RCD), आईओसीएल एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ त्योहारों के दौरान बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई।

Ara Mayor : दो पाली में सफाई करने का निर्देश
महापौर इंदु देवी ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट एवं कड़े निर्देश देते हुए कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए शहर में साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था, प्रमुख सड़कों एवं गलियों की आवश्यक मरम्मत, पर्याप्त एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा जल निकासी सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शहर में श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से आवश्यक तैयारियां पूरी करें, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नही करना पड़े।
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्य पूजा स्थलों, बाजार क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों एवं छठ घाटों के आसपास विशेष साफ-सफाई एवं आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में तत्परता के साथ कार्य करने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
महापौर ने वार्ड के सभी जमादार, एवं रोड सुपरवाइजर को दो पाली में सफाई करने का निर्देश दिया है। बैठक में डिप्टी मेयर पुनम देवी, नगर आयुक्त अंजू कुमारी, बुडको, पीडब्ल्यूडी, आईओसीएल, अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी सहित निगम के पार्षद एवं पार्षद प्रतिनिधि साथ में सभी विभाग के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहें।











