Ara Mufussil police station: आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चलती ऑटो में स्नातक छात्रा से छेड़खानी के आरोप में पुलिस ने ऑटो चालक को गिरफ्तार किया है।
- हाइलाइट: Ara Mufussil police station
- महुली और बलुआ गांव के बीच हुई घटना
- चलती ऑटो से कूदकर छात्रा ने बचाई जान
आरा। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चलती ऑटो में एक स्नातक छात्रा के साथ छेड़खानी किए जाने का मामला सामने आया है। घटना शनिवार दोपहर महुली और बलुआ गांव के बीच की बताई जा रही है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बखरिया गांव निवासी विजय कुमार उर्फ चौरसिया उर्फ मस्तो के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्रा धोबहां थाना क्षेत्र के धोबहां बाजार से क्लास कर ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि महुली और बलुआ गांव के बीच चालक ने चलती ऑटो में उसके साथ छेड़खानी की। इस दौरान छात्रा किसी तरह ऑटो से कूदकर वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी।
इसके बाद पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर मुफस्सिल थाने में आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।











