Aranya Devi: शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन आरा के प्रसिद्ध आरण्य देवी मंदिर में भक्तों का तांता लगा रहा। महिलाओं ने दीप जलाए।
- हाइलाइट: Aranya Devi
- सप्तमी तिथि पर होगा मां का अलौकिक श्रृंगार, दर्शन के लिए ट्रस्ट ने जारी की विशेष मार्गदर्शिका
आरा। शक्ति और उपासना के महापर्व शारदीय नवरात्र के दूसरे दिन सोमवार को शहर के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक केंद्र मां आरण्य देवी मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों ने मां दुर्गा के द्वितीय स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। सुबह की मंगला आरती के साथ ही मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे, जिसके बाद से ही दर्शन और पूजन का सिलसिला अनवरत जारी रहा।
Aranya Devi: दीपों की टिमटिमाती रोशनी, नववर्ष के उत्सव
प्रातःकाल से ही श्रद्धालुओं ने माता के दरबार में पहुंचकर नारियल, चुनरी, सिंदूर, और मिष्ठान अर्पित किए। जैसे-जैसे दिन ढलता गया, माता के दर्शन के लिए आने वाले भक्तों की कतारें लंबी होती गईं। संध्या चार बजते ही मंदिर परिसर का पूरा वातावरण मां के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। इस दौरान युवतियों और महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। संध्या बेला में मंदिर परिसर में दीप जलाने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जो रात आठ बजे तक अनवरत चलती रही। दीपों की टिमटिमाती रोशनी से पूरा मंदिर परिसर नववर्ष के उत्सव जैसा प्रतीत हो रहा था।
भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए मां आरण्य देवी मंदिर विकास ट्रस्ट के सभी ट्रस्टी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से जुटे रहे। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी कृष्ण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए विशेष ट्रैफिक और प्रवेश व्यवस्था की गई है।
उन्होंने विशेष सूचना साझा करते हुए बताया कि आगामी सप्तमी तिथि से दशमी तिथि तक माता के दर्शन के लिए आने वाले सभी श्रद्धालु भैरव बाबा के गली वाले रास्ते से मंदिर में प्रवेश करेंगे। वहीं, भीड़ के सुचारू आवागमन और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए माता के मंदिर का मुख्य द्वार केवल निकास द्वार (एग्जिट गेट) के रूप में कार्य करेगा। ट्रस्ट ने सभी भक्तों से अनुरोध किया है कि वे दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखें और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें ताकि हर श्रद्धालु को मां के सहज और दिव्य दर्शन प्राप्त हो सकें।
सप्तमी तिथि पर माता का होगा भव्य श्रृंगार
आरा की अधिष्ठात्री देवी आरण्य देवी के दरबार में सप्तमी तिथि का विशेष महत्व होता है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि सप्तमी तिथि के दिन मां का भव्य और अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, जिसके दीदार के लिए भक्तों को विशेष अवसर मिलेगा। इस दिन माता के दर्शन मात्र से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं, ऐसी प्राचीन मान्यता है।












