Arvind Prabodh Dubey: वरीय अधिवक्ता अरविंद प्रबोध दूबे ने कहा—गरीब बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं, उन्हें सिर्फ सही प्रोत्साहन और अवसर की जरूरत है
- हाइलाइट: Arvind Prabodh Dubey@krishna
- आरा के उदवंतनगर प्रखंड के कई महादलित टोलों में बैग और पाठ्य-सामग्री बांटी गई।
- इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता अरविंद प्रबोध दूबे ने गरीब बच्चों से संवाद किया।
आरा/भोजपुर: इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता अरविंद प्रबोध दूबे और उनके सहयोगियों ने भोजपुर जिले के विभिन्न महादलित टोलों में बच्चों के बीच स्कूली बैग, पाठ्य-सामग्री और अन्य जरूरी सामान का वितरण किया। इस दौरान बच्चों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक और बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अरविंद प्रबोध दूबे ने कहा कि गरीबों की कोई जाति या भौगोलिक सीमा नहीं होती। उनकी समस्याएं और संघर्ष अक्सर लोगों के सामने नहीं आ पाते। ऐसे लोगों की मदद करना समाज और देश दोनों को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि किसी समाज या देश का विकास केवल कुछ लोगों या किसी एक वर्ग की तरक्की से नहीं हो सकता। इसके लिए समाज के सभी वर्गों का समान और समुचित विकास जरूरी है। यदि समाज का कोई वर्ग बहुत पीछे रह जाए और दूसरा वर्ग बहुत आगे निकल जाए, तो सामाजिक और राष्ट्रीय संतुलन कायम नहीं रह सकता।
Arvind Prabodh Dubey : बच्चों के बीच बैठकर किया संवाद
अरविंद प्रबोध दूबे ने उदवंतनगर प्रखंड के चैराई स्थित श्रीराम शबरी सेंटर, सकड़ी मुसहर टोला और गिद्धा मुसहर टोला में बच्चों के बीच सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर बातचीत की और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बच्चों से कहा कि वे भी भविष्य में जहाज उड़ा सकते हैं। वे हीरो, पुलिस अधिकारी, डॉक्टर या वकील बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत सिर्फ उन्हें सही अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की है।
युवतियों को भी सहयोग देने की बात
इस दौरान अलका सिलाई सह पढ़ाई केंद्र, गीधा की युवतियों के लिए सलवार-समीज के कपड़े और अन्य जरूरी सहयोग देने की बात कही गई। अरविंद प्रबोध दूबे ने केंद्र के संचालक राजीव भटनागर से भी बातचीत की और उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से वंचित वर्ग के बच्चों और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में ‘नई आशा’ के संरक्षक डॉ. भीम सिंह भवेश, इलाहाबाद हाई कोर्ट के वरीय अधिवक्ता अशोक गिरी, पुनीत मिश्रा और रवि सिंह के अलावा मनीष कुमार सिंह, कुंदन कुमार, मनीष वत्स, सूर्यमणि कुमार, सुमित पांडे और शिवशंकर सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।











