Banahi Railway Station: दानापुर-पीडीडीयू रेल खंड के बनाही रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर रेल यात्री कल्याण समिति 27 सितंबर को एक दिवसीय धरना देगी।
- हाइलाइट: Banahi Railway Station
- बनाही रेलवे स्टेशन पर 27 सितंबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक होगा धरना।
- रेलवे प्रशासन को सौंपी गई औपचारिक सूचना और मांगों का ज्ञापन।
- समिति ने प्रमुख ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन के विकास को बताया प्राथमिकता।
बिहिया/आरा। दानापुर-पीडीडीयू रेल खंड के अंतर्गत आने वाले बनाही रेलवे स्टेशन की बदहाल स्थिति और यात्री सुविधाओं के अभाव को देखते हुए रेल यात्री कल्याण समिति, शाखा बनाही ने कड़ा रुख अपनाया है। स्टेशन के सर्वांगीण विकास, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और चार प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की लंबित मांगों को लेकर समिति की ओर से 27 सितंबर को स्टेशन परिसर में एकदिवसीय शांतिपूर्ण धरना आयोजित किया जाएगा। यह धरना सुबह आठ बजे से दोपहर 2:30 बजे तक चलेगा।
Banahi Railway Station : रेलवे प्रशासन को सौंपा गया ज्ञापन
अपनी मांगों को गंभीरता से लेते हुए रेल यात्री कल्याण समिति ने मंगलवार को रेलवे प्रशासन को विधिवत सूचना देने के साथ ही एक ज्ञापन भी सौंपा। समिति के प्रवक्ता मोहम्मद साजिद खान ने दानापुर रेल मंडल के डीआरएम को संबोधित ज्ञापन स्टेशन प्रबंधक को सौंपा। इस कार्यक्रम की पूर्व सूचना आरा रेल प्रशासन, आरपीएफ आरा और रेलवे सीआईडी दानापुर को भी दी गई है। समिति का मानना है कि रेलवे प्रशासन लंबे समय से स्थानीय लोगों और यात्रियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है।
लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जाएगी आवाज
समिति के प्रवक्ता मोहम्मद साजिद खान ने स्पष्ट किया है कि यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह से शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और अनुशासित रहेगा। उन्होंने कहा कि बनाही स्टेशन के विकास के बिना क्षेत्र के हजारों दैनिक यात्रियों और आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। समिति ने इस धरना कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में स्थानीय नागरिकों, रेल यात्रियों और जनप्रतिनिधियों से अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि जनहित की मांगों को मजबूती से रखा जा सके। इस मौके पर समिति के सक्रिय सदस्य रामदास यादव, गुलाब अहमद, जीशान खान, बीरबल यादव, लाडला खान और रियाज खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।











