Yadav community: बिहार सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा यादव समाज को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद विवादों में घिर गए। पूर्व विधायक भाई दिनेश ने मुख्यमंत्री से उनके इस्तीफे की मांग की। विवाद बढ़ने पर मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को टीआरपी के लिए बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया।
- हाइलाइट:Yadav community
- मंत्री की टिप्पणियों को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा हमारा समाज: भाई दिनेश
- वहीं मंत्री का कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।
- “अगर हम यादव विरोधी रहते तो हमारे प्रतिनिधि यादव होता।” श्रीभगवान सिंह
पटना/भोजपुर। बिहार में लड़कियों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर राज्य सरकार विपक्ष के निशाने पर है। जमुई, समस्तीपुर और बांका में हुई घटनाओं के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार सरकार पर हमला बोल रहे हैं। इसी बीच बिहार सरकार में मंत्री श्री भगवान सिंह कुशवाहा का एक बयान सामने आया, जिसको लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
Yadav community : क्या बोले मंत्री?
मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने यादव समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “मैं किसी विशेष जाति की बात नहीं करता हूं। लेकिन यादव जाति में आप देख लीजिए, लुच्चा-लफंगा की संख्या ज्यादा है।”
मंत्री ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने कोई गलत बात नहीं कही है। उन्होंने जेल में बंद लोगों और राज्य में हो रही कथित गुंडागर्दी के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इनमें यादव समाज के लोगों की संख्या अधिक है। हालांकि, उनके इस बयान को लेकर विपक्ष और सामाजिक संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
बयान सामने आने के बाद आरजेडी समेत विपक्षी दलों ने मंत्री पर हमला तेज कर दिया। विपक्ष का आरोप है कि सवैधानिक पद पर बैठे किसी मंत्री को किसी जाति या समुदाय के बारे में इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
भाई दिनेश ने की इस्तीफे की मांग
मंत्री के क्षेत्र के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने श्रीभगवान सिंह कुशवाहा के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में रहने वाले व्यक्ति से समाज जिम्मेदार, संयमित और मर्यादित भाषा की अपेक्षा करता है।
भाई दिनेश ने आरोप लगाया कि मंत्री जिस तरह के बयान दे रहे हैं, उससे ऐसा प्रतीत होता है कि वे अपनी सार्वजनिक जिम्मेदारियों और पद की गरिमा के अनुरूप आचरण नहीं कर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मंत्री को पद से इस्तीफा देने के लिए कहने की मांग की।
भाई दिनेश ने यह भी कहा कि समाज इस तरह की टिप्पणियों को चुपचाप स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारा समाज चुप नहीं बैठेगा।
विवाद बढ़ने पर मंत्री ने दी सफाई
यादव समाज को लेकर कथित ‘लुच्चा-लफंगा’ टिप्पणी पर विवाद बढ़ने के बाद मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा ने सफाई दी। उन्होंने अपने बयान का खंडन करते हुए कहा, “हमने कहा क्या और लोग निकाल क्या दिए। अपना टीआरपी बढ़ाने के लिए बात को बढ़ाया गया है।”
मंत्री ने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में कभी भी यादव विरोधी सोच नहीं रही है। उन्होंने सफाई देते हुए कहा, “अगर हम यादव विरोधी रहते तो हमारे प्रतिनिधि यादव होता।”
मंत्री की इस सफाई के बाद भी बयान को लेकर सियासी घमासान जारी है। वहीं मंत्री का कहना है कि उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया गया।

