Homeआरा भोजपुरबिहियाबिहिया में पिस्टल, चार कारतूस और 176 ग्राम मादक पदार्थ के साथ...

बिहिया में पिस्टल, चार कारतूस और 176 ग्राम मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

Bihiya mein pistal, char kartoos aur madak padarth ke saath do giraftaar

Bihiya News: भोजपुर के बिहिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 176.45 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चाय-नाश्ते की दुकान से तराजू भी जब्त किया।

  • हाइलाइट:Bihiya News
  • बिहिया में हथियार और मादक पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार
  • चाय की दुकान से 170 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ बरामद

आरा/बिहिया। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कुख्यात और आदतन अपराधी बताए जा रहे संजीत यादव उर्फ करिया यादव के पास से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 5.75 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है।

Bijay Kumar singh
Bijay Kumar singh (1)
Shadow

संजीत यादव की निशानदेही पर पुलिस ने कटेया गांव में छापेमारी कर अवध बिहारी प्रसाद को भी गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, अवध बिहारी प्रसाद की चाय-नाश्ते की दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही थी। दुकान से 170.70 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ और बिक्री में इस्तेमाल होने वाला एक तराजू बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के पास से कुल 176.45 ग्राम मादक पदार्थ की बरामदगी हुई है।

Bihiya News: गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

गुरुवार को बिहिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार ने कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कटेया गांव जाने वाली कच्ची सड़क के किनारे मंदिर के पास एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में बैठा है। सूचना मिलने के बाद बिहिया थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद थाना पुलिस की टीम ने तत्काल छापेमारी की।

पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी

पुलिस टीम जैसे ही मंदिर के पास पहुंची, वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस के अनुसार, भागने के दौरान उसने अपनी कमर से हथियार निकालकर धान के खेत में फेंक दिया। पुलिस बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान कटेया गांव निवासी 28 वर्षीय संजीत यादव उर्फ करिया यादव के रूप में हुई। उसके पिता का नाम राजनाथ यादव बताया गया है।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर धान के खेत से फेंकी गई एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। तलाशी के दौरान उसके पास से 5.75 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ भी मिला।

चाय-नाश्ते की दुकान से बरामद हुआ मादक पदार्थ

पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान संजीत यादव से मादक पदार्थ के स्रोत के संबंध में जानकारी ली गई। पूछताछ में उसने कटेया निवासी अवध बिहारी प्रसाद का नाम बताया। इसके बाद पुलिस टीम ने संजीत यादव की निशानदेही पर अवध बिहारी प्रसाद की चाय-नाश्ते की दुकान में छापेमारी की। तलाशी के दौरान दुकान से 170.70 ग्राम गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। साथ ही, मादक पदार्थ की बिक्री में इस्तेमाल होने वाला एक तराजू भी जब्त किया गया। पुलिस ने दुकानदार अवध बिहारी प्रसाद, पिता फुंदेना प्रसाद, को गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। इस संबंध में बिहिया थाना कांड संख्या 382/26 दर्ज किया गया है। पुलिस बरामद हथियार, कारतूस और मादक पदार्थ के स्रोत के साथ-साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। छापेमारी टीम में एसआई धीरज कुमार, एसआई महेश कुमार सहित बिहिया थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।

संजीत पर पहले से दर्ज हैं चार मामले

पुलिस के अनुसार, संजीत यादव उर्फ करिया यादव का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। बिहिया थाने में उसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इन मामलों में डकैती, आपराधिक साजिश, चोरी की संपत्ति रखने, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं से जुड़े मामले शामिल हैं। पुलिस अन्य थानों से भी उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। पुलिस के मुताबिक, संजीत यादव पहले भी जेल जा चुका है और फिलहाल जमानत पर बाहर था।

ranjna
Shadow
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular