CBI raid in Bhojpur: भोजपुर में CBI की बड़ी कार्रवाई। आरा हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपए रिश्वत लेते सरकारी आवास से रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
- हाइलाइट: CBI raid in Bhojpur
- आरा हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को CBI ने पकड़ा।
- ग्रामीण डाक सेवक (GDS) से 10 हजार रुपए रिश्वत लेते हुई गिरफ्तारी।
- रिश्वत की रकम फेंकने की कोशिश, टीम ने मौके पर दबोचा।
- दो दिन पहले ही हुआ था आरोपी का प्रमोशन के बाद अरवल ट्रांसफर।
- आरा नवादा थाना क्षेत्र के सरकारी आवास पर हुई छापेमारी।
आरा। बिहार के भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरा स्थित हेड पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। CBI की इस कार्रवाई से प्रशासनिक हलकों और डाक विभाग के कर्मचारियों में भारी हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में तैनात एक ग्रामीण डाक सेवक (GDS) से सरकारी काम कराने और फाइलों पर हस्ताक्षर करने के एवज में ओवरसियर द्वारा लगातार रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित GDS हर तीन महीने पर 10 हजार रुपए की इस अवैध मांग से बेहद परेशान था। तंग आकर उसने इस पूरे मामले की शिकायत CBI से की।
CBI raid in Bhojpur : आरा स्थित ओवरसियर के सरकारी आवास
शिकायत मिलने के बाद केंद्रीय एजेंसी ने बेहद गोपनीय तरीके से मामले की सत्यता की जांच की। जांच में मामला सही पाए जाने के बाद CBI ने एक सुनियोजित ट्रैप तैयार किया। रविवार की शाम योजना के तहत शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक आरा स्थित ओवरसियर के सरकारी आवास पर पहुंचा और निर्धारित 10 हजार रुपए उसे सौंपे।
जैसे ही रुपए देने की प्रक्रिया पूरी हुई, पहले से ही आसपास मुस्तैद CBI की टीम ने मौके पर धावा बोल दिया। अचानक टीम को देखकर आरोपी ओवरसियर बुरी तरह घबरा गया और उसने घूस के पैसे को तुरंत बाहर फेंक दिया। हालांकि, सतर्क अधिकारियों ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के परिजनों ने कुछ देर के लिए विरोध भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद नवादा थाने की पुलिस ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया।
चर्चा है कि पुरुषोत्तम कुमार हेड पोस्ट ऑफिस में इंस्पेक्टर कार्यालय से संबद्ध था और ग्रामीण डाक सेवकों से अवैध वसूली में संलिप्त था। हैरानी की बात यह है कि आरोपी का दो दिन पहले ही प्रमोशन के बाद अरवल ट्रांसफर हो चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह आरा में ही जमा हुआ था और भ्रष्टाचार के इस खेल को अंजाम दे रहा था। फिलहाल, CBI आरोपी को अपने साथ लेकर पूछताछ कर रही है और इस सिंडिकेट से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच जारी है।
क्या होता है पोस्ट ऑफिस के ओवरसियर का मुख्य काम
भारतीय डाक विभाग में मेल ओवरसियर एक महत्वपूर्ण पर्यवेक्षणीय (सुपरवाइजरी) पद होता है। इसका मुख्य कार्य मैदानी स्तर पर डाक कर्मचारियों और डाक वितरण व्यवस्था की सुचारू रूप से निगरानी करना है। ओवरसियर पोस्टमैन के कार्यों का निरीक्षण करता है, साथ ही समय पर डाक की डिलीवरी, रूट मैनेजमेंट, लेटरबॉक्स रिकॉर्ड और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों की देखरेख उसकी प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल है। ग्रामीण क्षेत्रों में डाक सेवाओं को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए वह ग्रामीण डाक सेवकों के कार्यों का समन्वय भी करता है।












