Jagdishpur Today: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आज 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की पावन धरा जगदीशपुर में आगमन होगा।
- हाइलाइट्स: Jagdishpur Today
- मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज जगदीशपुर के ऐतिहासिक किला परिसर का करेंगे भ्रमण
- डीएम और एसपी ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक
- हेलीपैड से लेकर किला परिसर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, 32 स्थानों पर दंडाधिकारी तैनात
जगदीशपुर/आरा। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की पावन धरा जगदीशपुर में आज बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आगमन होगा। इस महत्वपूर्ण दौरे को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही किला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर करीब 2:25 बजे सवारथ साहू उच्च विद्यालय के खेल मैदान में स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग द्वारा वे बाबू वीर कुंवर सिंह स्मृति किला परिसर के लिए प्रस्थान करेंगे। अपने 35 मिनट के निर्धारित कार्यक्रम के दौरान, वे विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का निरीक्षण करेंगे और बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करेंगे। इसके अतिरिक्त, वे संग्रहालय में संरक्षित ऐतिहासिक अभिलेखों का अवलोकन करेंगे और संग्रहालय के कायाकल्प हेतु तैयार की गई प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) का भी निरीक्षण करेंगे।
Jagdishpur Today: सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर डीएम-एसपी की सक्रियता
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय सभागार में जिला पदाधिकारी (डीएम) मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक (एसपी) अवधेश दीक्षित ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस बल के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि पास की श्रेणी के आधार पर ही प्रवेश सुनिश्चित किया जाए और अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहे। साथ ही, वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।
बैठक के पश्चात डीएम और एसपी ने संयुक्त रूप से हेलीपैड से किला परिसर तक के रूट का रिहर्सल किया, जिसमें सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी भी शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए हेलीपैड से लेकर किला परिसर तक के मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए कुल 32 महत्वपूर्ण स्थानों पर दंडाधिकारियों के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है।











