Jagdishpur Fort-Museum : मुख्यमंत्री ने वीर कुंवर सिंह को दी श्रद्धांजलि, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और जगदीशपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने पर दिया जोर
- हाइलाइट: Jagdishpur Fort-Museum
- बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद वहां 80 फीट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित
सिविल सर्जन को स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कड़ी हिदायत दी।
जगदीशपुर/आरा। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक बाबू वीर कुंवर सिंह की पावन भूमि जगदीशपुर में बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर किला परिसर में सुरक्षा, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण की विशेष व्यवस्था की गई थी। परिसर में पहले से ही रंग-रोगन और साफ-सफाई का काम पूरा कराया गया था।
Jagdishpur Fort-Museum: जगदीशपुर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर पहुंचकर वीर कुंवर सिंह किला-संग्रहालय का निरीक्षण किया। उन्होंने किले की ऐतिहासिक संरचना, संग्रहालय में रखी वस्तुओं और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी स्मृतियों का अवलोकन किया।

किन्नर समुदाय ने पारंपरिक तरीके से किया स्वागत
मुख्यमंत्री के किला परिसर में पहुंचते ही किन्नर समुदाय के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया। सदस्यों ने आरती उतारी और मुख्यमंत्री को तिलक लगाकर अभिनंदन किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी स्वागत करने वाले लोगों से बातचीत की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। पारंपरिक स्वागत के बाद मुख्यमंत्री ने किला-संग्रहालय का भ्रमण शुरू किया।
वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने वीर कुंवर सिंह के शौर्य, पराक्रम और देश की आजादी के लिए दिए गए योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह का जीवन देशभक्ति, साहस और संघर्ष की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने अपने जीवन के अंतिम चरण में भी अंग्रेजी शासन के खिलाफ जिस दृढ़ता से संघर्ष किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
जगदीशपुर में स्थापित होगी 80 फीट ऊंची प्रतिमा
मुख्यमंत्री ने जगदीशपुर में बाबू वीर कुंवर सिंह की 80 फीट ऊंची विशाल प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा की। जानकारी के अनुसार, झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण के बाद वहां यह प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
प्रतिमा के निर्माण और स्थापना का उद्देश्य नई पीढ़ी को वीर कुंवर सिंह के शौर्य और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से परिचित कराना है। विशाल प्रतिमा के जरिए जगदीशपुर की ऐतिहासिक पहचान को और मजबूत करने की योजना है।
प्रशासन की ओर से झांझरिया तालाब के सौंदर्यीकरण और आसपास के क्षेत्र के विकास की तैयारियां की जा रही हैं। प्रतिमा स्थापित होने के बाद यह स्थान स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

संग्रहालय में ऐतिहासिक धरोहरों का किया अवलोकन
मुख्यमंत्री ने किला-संग्रहालय में बाबू वीर कुंवर सिंह के जीवन से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं, कलाकृतियों और ऐतिहासिक धरोहरों को देखा। संग्रहालय में 1857 के स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ी घटनाओं और वीर कुंवर सिंह के संघर्ष को प्रदर्शित किया गया है।
उन्होंने संग्रहालय में मौजूद स्मृतियों और ऐतिहासिक सामग्रियों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को संरक्षित करना आवश्यक है, ताकि युवा पीढ़ी देश के स्वतंत्रता आंदोलन और उसके नायकों के योगदान को समझ सके।
80 वर्ष की उम्र में अंग्रेजों के खिलाफ संभाला था मोर्चा
बाबू वीर कुंवर सिंह ने वर्ष 1857 के विद्रोह के दौरान करीब 80 वर्ष की उम्र में अंग्रेजी सेना के खिलाफ मोर्चा संभाला था। उम्रदराज होने के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए अंग्रेजी शासन को कड़ी चुनौती दी।
वीर कुंवर सिंह का नाम 1857 के स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख योद्धाओं में लिया जाता है। बिहार की धरती पर अंग्रेजों के खिलाफ उनके संघर्ष ने स्वतंत्रता आंदोलन को नई ताकत दी थी। जगदीशपुर और आसपास का क्षेत्र आज भी उनके संघर्ष और वीरता की ऐतिहासिक गवाही देता है।
जगदीशपुर किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जगदीशपुर किले को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने को लेकर भी चर्चा हुई। किले के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और आसपास के क्षेत्रों के विकास की योजना पर अधिकारियों से जानकारी ली गई।
प्रशासनिक स्तर पर किले को पर्यटन के नक्शे पर प्रमुखता से लाने की तैयारियां चल रही हैं। किले परिसर में पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विस्तार, बेहतर पहुंच मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार की कोशिश है कि जगदीशपुर किला केवल स्थानीय इतिहास का केंद्र न रहकर राज्य और देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल हो। इसके लिए ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ-साथ पर्यटकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है।

ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने पर जोर
Jagdishpur Fort-Museum: मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वीर कुंवर सिंह से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों की देखभाल केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।
उन्होंने किला परिसर और संग्रहालय में रखी ऐतिहासिक वस्तुओं की सुरक्षा, रखरखाव और बेहतर प्रस्तुति पर भी ध्यान देने की बात कही। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि वीर कुंवर सिंह के योगदान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाया जाए।

स्वास्थ्य कर्मियों से मुख्यमंत्री ने की बातचीत
जगदीशपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वास्थ्य कर्मियों से भी बातचीत की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, ऑपरेशन और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। बातचीत के दौरान एक महिला चिकित्सक ने हाइपरटेंशन से संबंधित ऑपरेशन के बारे में मुख्यमंत्री को जानकारी दी। डॉक्टर ने बताया कि सदर अस्पताल में इस तरह के ऑपरेशन किए जा रहे हैं। पास खड़े एक अन्य डॉक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में अब 50 ऑपरेशन हमलोग कर रहे है और कुल 70 ऑपरेशन का लक्ष्य है। 10 गुना बढ़ गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अधिकारियों को हिदायत
स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति की जानकारी लेने के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और जिले में ही ऑपरेशन करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को इलाज के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। इस पर सिविल सर्जन ने कहा की हाँ रेफरल भी काफी नेगेटिव हुआ है। इसपर CM सम्राट चौधरी ने सबके सामने सिविल सर्जन की क्लास लगाई और कहा होना ही नहीं चाहिये, नहीं तो आप ही का विकेट गिरेगा, बता देता हूं।











