HomeNewsतेंदुनी गांव में मां और भाई की हत्या, आरोपी बेटा और उसकी...

तेंदुनी गांव में मां और भाई की हत्या, आरोपी बेटा और उसकी पत्नी हिरासत में

जगदीशपुर के तेंदुनी गांव में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुई वारदात; हथौड़े और चाकू से हमला करने का आरोप

Double murder Jagdishpur: भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में संपत्ति विवाद को लेकर मां और बेटे की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

हाइलाइट: Double murder Jagdishpur
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई।
55 वर्षीय रामवती कुंवर और उनके 22 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार की हत्या।
हत्या के आरोपित दीपक कुमार और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू।

Bijay Kumar singh
Bijay Kumar singh (1)
Shadow

आरा/जगदीशपुर। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के तेंदुनी गांव में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब एक बजे संपत्ति विवाद में दोहरे हत्याकांड की वारदात सामने आई है। आरोप है कि एक बेटे ने अपनी मां और सगे भाई पर हथौड़े और चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान तेंदुनी गांव के वार्ड संख्या सात निवासी स्वर्गीय विश्वामित्र सिंह कुशवाहा की 55 वर्षीय पत्नी रामवती कुंवर और उनके 22 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में हुई है।

Double murder Jagdishpur: बेटे पर मां और भाई की हत्या का आरोप

हत्या का आरोप रामवती कुंवर के पुत्र और सुनील कुमार के सगे भाई दीपक कुमार पर लगा है। दीपक कुमार पेशे से ट्रैक्टर चालक बताया जा रहा है। घटना के पीछे संपत्ति विवाद को कारण माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले के वास्तविक कारणों का आधिकारिक निष्कर्ष अनुसंधान पूरा होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

आरोपी बेटा और पत्नी हिरासत में
घटना के बाद पुलिस ने दीपक कुमार और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

एसडीपीओ और थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे
दोहरी हत्या की सूचना मिलते ही जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार और थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान से हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों के स्पष्ट होने की संभावना है।

संपत्ति विवाद को माना जा रहा प्रारंभिक कारण
जगदीशपुर एसडीपीओ रवि कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और वारदात की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि हत्याकांड में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का अनुसंधान जारी है और जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम
दोहरे हत्याकांड के बाद तेंदुनी गांव में मातम और दहशत का माहौल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल के आसपास जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ranjna
Shadow
Khabre Apki
Khabre Apki
Khabre Apki covers all Breaking News in Hindi
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular