Bhojpur: भाई दिनेश ने कहा कि यदि दस दिनों के भीतर भोजपुर की ध्वस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माण का ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ, तो जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा।
- हाइलाइट्स:Bhojpur
- जिले में 22 स्थानों पर मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी का पुतला दहन।
- जर्जर सड़कों की मरम्मत और जलजमाव के स्थायी समाधान की मांग।
आरा। जिले में जर्जर एवं ध्वस्त सड़कों और जलजमाव की गंभीर समस्या के खिलाफ भाई दिनेश, पूर्व विधायक जगदीशपुर, के आह्वान पर रविवार को जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में 22 स्थानों पर मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़कों की तत्काल मरम्मत, पुनर्निर्माण और जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
बता दें कि इससे पहले 23 सितंबर को भाई दिनेश के नेतृत्व में आरा के जीरो माइल पर धरना दिया गया था। धरना स्थल से ही सड़क और जलजमाव की समस्या को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने की घोषणा की गई थी। भाई दिनेश ने कहा कि यदि दस दिनों के भीतर भोजपुर की ध्वस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माण का ठोस कार्य शुरू नहीं हुआ, तो जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा।
Bhojpur: कई इलाकों में सड़कों की स्थिति बेहद खराब
भाई दिनेश के अनुसार सनेया, दावा, चरपोखरी, हसनबाजार, जीरो माइल, बस स्टैंड ओवरब्रिज, गोडहना रोड, चंदवा, गिरजा मोड़, गोपाली चौक, महावीर टोला, सदर अस्पताल, बरनाव, तेतरिया मोड़ और अगिआंव बाजार सहित कई इलाकों में सड़कों की स्थिति बेहद खराब है। बड़हरा, शाहपुर, संदेश, पीरो, कोईलवर, तरारी और गड़हनी के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा नगर पंचायतों और नगर निगम क्षेत्र की कई सड़कें भी लंबे समय से बदहाल बताई जा रही हैं।
भाई दिनेश ने कहा, “जब मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के लिए रातों-रात सड़क बनाई जा सकती है, तो आम जनता के आवागमन के लिए सड़क क्यों नहीं बन सकती? क्या सड़क और विकास की सुविधा केवल वीआईपी कार्यक्रमों के लिए है?” उन्होंने कहा कि गांव से शहर तक लोग धूल, गड्ढे, कीचड़, जलजमाव और जाम की समस्या झेल रहे हैं। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, मरीजों, किसानों, मजदूरों और रोजमर्रा के काम से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन का नेतृत्व स्थानीय नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने किया। सनेया में बीरेन्द्र सिंह, चरपोखरी में हरिचरण सिंह, हसनबाजार में रबी यादव, जीरो माइल में बीरबल पासवान और दावा में संतोष मिश्रा ने प्रदर्शन का नेतृत्व किया। चंदवा, गिरजा मोड़, बस स्टैंड, बाजार समिति, महावीर टोला और सपना सिनेमा क्षेत्र में छोटू सिंह एवं अनिल शर्मा, जबकि अगिआंव बाजार में भगत यादव के नेतृत्व में विरोध जताया गया।











