Ekvari News: भोजपुर के सहार थाना क्षेत्र में छह दिनों से लापता 75 वर्षीय बुजुर्ग का शव कुएं से बरामद हुआ। परिजनों ने गला रेतकर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य, पुलिस जांच में जुटी।
- हाइलाइट्स: Ekvari News
- छह दिनों से लापता बुजुर्ग का शव बरूही गांव के जंगल स्थित कुएं से बरामद।
- गला कटा और एक आंख क्षतिग्रस्त मिलने पर हत्या की आशंका गहराई।
आरा। भोजपुर जिले के सहार थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। थाना क्षेत्र के एकवारी गांव निवासी 75 वर्षीय गोरख डोम का शव बुधवार को बरूही गांव स्थित एक राइस मिल के समीप जंगल में बने कुएं से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
Ekvari News: छह दिन से थे लापता
जानकारी के अनुसार गोरख डोम 23 अक्टूबर की दोपहर घर से निकले थे और उसके बाद वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लगातार तलाश के बीच बुधवार को उनका शव एक कुएं में मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पुत्र चंदन डोम ने आरोप लगाया कि गांव के मंजीत डोम धूम एवं उनकी पत्नी 23 अक्टूबर को उनके पिता को पंचायत की बात कहकर अपने साथ ले गए थे। वहां पहुंचने पर उन पर झाड़-फूंक करने का आरोप लगाया गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद बुजुर्ग की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई तथा पहचान छिपाने के लिए शव को कुएं में फेंक दिया गया।
गले पर मिले जख्म के निशान
परिजनों के अनुसार शव के गले का आगे का हिस्सा कटा हुआ था और एक आंख भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली। इन परिस्थितियों ने हत्या की आशंका को और मजबूत कर दिया है। मृतक के परिजन इस मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पहले ही दी गई थी अपहरण की आशंका
बताया जाता है कि मृतक के पुत्र चंदन डोम ने मंगलवार को सहार थाने में आवेदन देकर अपने पिता के अपहरण और हत्या की आशंका जताई थी। आवेदन में मंजीत डोम एवं उनकी पत्नी पर घर से बुलाकर ले जाने और झाड़-फूंक का झूठा आरोप लगाकर हत्या करने की आशंका व्यक्त की गई थी।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलने के बाद पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार एवं स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस जांच में जुटी
पीरो एसडीपीओ कन्हैया कुमार ने बताया कि बरूही गांव के समीप स्थित कुएं में बुजुर्ग का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया और एफएसएल टीम द्वारा आवश्यक साक्ष्य संग्रहित किए गए हैं। मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
परिवार में पसरा मातम
गोरख डोम अपने पीछे तीन पुत्र लाल बाबू डोम, दसई डोम, चंदन डोम और एक पुत्री शीला देवी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में भी शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।











