EOU Raids Ara city: छापेमारी में नवादा थाना, मुफ्फसिल थाना और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस कर्मियों ने किया सहयोग
- हाइलाइट: EOU Raids Ara city
- आय से अधिक संपत्ति मामला:
- कैमूर के भभुआ में पोस्टेड है अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित गुप्ता
- आरा शहर के चंदवा अवधपुरी मोहल्ले सहित अन्य ठिकानों पर चल रही छापेमारी
आरा। आय से अधिक संपत्ति के मामले में बुधवार को परिवहन विभाग के अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित गुप्ता के घर पर ईओयू की टीम ने दबिश दी। उसके आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के चंदवा अवधपुरी मोहल्ला स्थित घर पर छापेमारी की जा रही है। इसके अलावे उसके पटना के दानापुर सहित अन्य ठिकानों पर छापेमारी चल रही है। ईओयू की छापेमारी से इलाके में अफरा-तफरी मची रही।

EOU Raids Ara city : चंदवा अवधपुरी के कृष्ण कला भवन में छापामारी
जानकारी के मुताबिक आर्थिक अपराध इकाई पटना की टीम बुधवार की तड़के सुबह साढ़े आठ बजे आरा शहर के नवादा थाना के चंदवा अवधपुरी स्थित अवर प्रवर्तन निरीक्षक अमित गुप्ता के कृष्ण कला भवन में छापामारी शुरू किया है। यह छापेमारी आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में की गई है। टीम ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की।
टीम के अधिकारी मकान के एक-एक कमरे और कोने की बारीकी से जांच कर रहे हैं। घर में मौजूद दस्तावेज, जमीन और मकान से जुड़े कागजात, वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड और अन्य महत्वपूर्ण सामानों को खंगाला जा रहा है। मकान परिसर में खड़ी इलेक्ट्रिक कार भी टीम की जांच के दायरे में है।
अमित गुप्ता पटना में पोस्टेड थे। वर्तमान में इनका पोस्टिंग चार दिन पहले मोहनिया में होने की सूचना है। छापेमारी में नवादा थाना, मुफ्फसिल थाना और पुलिस लाइन से अतिरिक्त पुलिस कर्मी सहयोग कर रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, अधिकारी पर आय के ज्ञात स्रोतों से करीब 150 प्रतिशत से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। इसी मामले में ईओयू की एक टीम पटना जिले के दानापुर क्षेत्र के आंसुपुर स्थित फ्लैट नंबर-609 पर भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता 2014 बैच के अवर प्रवर्तन निरीक्षक हैं। वर्तमान में भभुआ में पदस्थापित हैं।
आरोप है कि नौकरी ज्वाइन करने के बाद उन्होंने जमीन, मकान समेत बड़ी मात्रा में चल-अचल संपत्ति अर्जित की। ईओयू की कार्रवाई के बाद जांच टीम संपत्तियों और उनके आय के स्रोतों के बीच सामंजस्य की पड़ताल कर रही है। छापेमारी पूरी होने के बाद ही बरामद दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।











