Shahpur: गांधी जयंती के अवसर पर नगर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर की साफ-सफाई; लोगों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील
- हाइलाइट:Shahpur
- शाहपुर नगर पंचायत में विशेष स्वच्छता अभियान
शाहपुर/आरा। गांधी जयंती के अवसर पर नगर पंचायत शाहपुर की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ के तहत विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नगर प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नगर पंचायत के कर्मचारियों ने विभिन्न वार्डों में सड़क पर उतरकर साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
नगर पंचायत शाहपुर के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने स्वयं झाड़ू लगाकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया और कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और सशक्त समाज की बुनियाद माना था। ऐसे में नगर को स्वच्छ रखना राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। स्वच्छता अभियान के दौरान सड़क किनारे और आसपास जमा कचरे को हटाया गया।
नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षदों और कर्मचारियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। नगर के वार्ड संख्या-01 से लेकर 11 तक पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
Shahpur : वार्डों में सफाई अभियान
नगर के वार्ड संख्या-03 में उपाध्यक्ष झुनीया देवी भी सड़क पर उतरकर सफाई अभियान में शामिल हुईं। उन्होंने सफाई कार्य में भाग लेते हुए लोगों से अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने की अपील की। मौके पर मौजूद कनीय अभियंता जयनंदन चौधरी ने कहा कि नगर को स्वच्छ रखना ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि देने के समान है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल विशेष अवसरों तक सीमित रखने के बजाय इसे नियमित आदत बनाने की आवश्यकता है।
अभियान में वार्ड पार्षद मनोज कुमार पासवान, सागीर साह, देवन्ती देवी, कमेश्वर राज, हिरालाल पांडेय, संजय चतुर्वेदी, मधुमाला देवी, उर्मिला देवी, बबीता देवी, नीलू देवी और आरती देवी ने भी अपने-अपने वार्डों में सफाई अभियान में भाग लिया। पार्षदों और नगर पंचायत कर्मियों ने सड़कों, किनारे के हिस्सों और आसपास के सार्वजनिक स्थानों से कचरा हटाया।
बीस सूत्री अध्यक्ष अंकित पांडेय ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों के साथ-साथ आसपास के सार्वजनिक स्थानों को भी साफ रखने की आदत विकसित करें। उन्होंने कहा कि आम लोगों की छोटी-छोटी पहल शहर में बड़ा बदलाव ला सकती है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, गली और मोहल्ले की सफाई को लेकर जिम्मेदारी निभाए, तो पूरे नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।
नगर प्रशासन के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करने की अपील
अभियान के दौरान नगर पंचायत के स्वच्छता पदाधिकारी मंजीत अरोड़ा ने भी लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने लोगों से कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने, सार्वजनिक स्थलों को गंदा न करने और नगर प्रशासन के स्वच्छता प्रयासों में सहयोग करने की अपील की।
गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से नगर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण के लिए प्रशासनिक प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है।












