Shahpur Nagar Panchayat: शाहपुर नगर पंचायत में छः माह पहले से पूरी हो चुकी योजनाओं को दोबारा क्रियान्वित करने के प्रस्ताव का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या-2 स्थित ताजिया चौक का निर्माण स्थानीय लोगों ने चंदा जुटाकर कराया था, इसके बावजूद नगर पंचायत की सशक्त बोर्ड बैठक में उसके सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव पारित किया गया। मामले ने योजना चयन, स्थल सत्यापन और वित्तीय जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- हाइलाइट: Shahpur Nagar Panchayat
- स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और योजनाओं के धरातलीय सत्यापन की मांग की
शाहपुर/आरा। भोजपुर जिला के शाहपुर नगर पंचायत में विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन को लेकर एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि जिन योजनाओं का काम छः माह पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा नए सिरे से कराने का प्रस्ताव नगर पंचायत की सशक्त बोर्ड बैठक में रखा गया। इससे योजना चयन, स्थल सत्यापन और सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
एक मामला नगर पंचायत के वार्ड संख्या-2 स्थित ताजिया चौक से जुड़ा है। उपलब्ध जियो टैग तस्वीर और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, ताजिया चौक का निर्माण स्थानीय लोगों ने आपसी सहयोग और चंदे की राशि से कराया था। इसके बावजूद स्थानीय पार्षद की ओर से 9 सितंबर की सशक्त बोर्ड बैठक में ताजिया चौक के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव रखा गया। बैठक की कार्यवाही पंजी में इस प्रस्ताव को दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।
इसके बाद 9 अक्टूबर को हुई सशक्त बोर्ड की बैठक में पिछली बैठक में लिए गए प्रस्तावों को संपुष्ट कर दिया गया। ताजिया चौक के सौंदर्यीकरण से जुड़ा प्रस्ताव भी इसी प्रक्रिया के तहत मंजूर किए जाने की जानकारी दी गई है।
Shahpur Nagar Panchayat: छः माह पहले से बनी सड़कों को दोबारा बनाने का प्रस्ताव पारित
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र की कई सड़कें करीब छह महीने पहले ही बनकर पूरी हो चुकी हैं। कई सड़कें एकदम सही हालत में है, इसके बावजूद उन्हें दोबारा बनाने का प्रस्ताव 9 सितंबर की बैठक में लिया गया और 9 अक्टूबर की बैठक में उसे संपुष्ट भी कर दिया गया। इससे योजना चयन और स्थल सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। साथ ही, पहले से पूर्ण योजनाओं के नाम पर सरकारी राशि खर्च किए जाने की आशंका को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है।
अभिलेखों के आधार पर हो स्थल सत्यापन
पूर्व उपमुख्य पार्षद मो. मोख्तार साह ने कहा कि कार्यपालक पदाधिकारी को कार्यवाही पंजी में दर्ज योजनाओं का धरातल पर जाकर सत्यापन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले से पूर्ण योजनाओं को दोबारा कराने का प्रस्ताव दर्ज होना बड़ी गड़बड़ी का संकेत है।
मो. मोख्तार साह ने कहा कि यदि बिना स्थल सत्यापन के योजनाओं को मंजूरी दी गई है, तो इससे सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने संबंधित योजनाओं की जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की।
योजना निगरानी व्यवस्था पर सवाल
पूर्व उपमुख्य पार्षद गुप्तेश्वर साह ने भी पहले से पूर्ण योजनाओं को दोबारा कराने के प्रस्ताव को गलत प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय लोगों ने चंदा जुटाकर ताजिया चौक का निर्माण करा दिया था, तब नगर पंचायत के सशक्त बोर्ड में उसके दोबारा निर्माण या सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव किस आधार पर लाया गया, यह स्पष्ट किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से नगर पंचायत की योजना निगरानी और वित्तीय जवाबदेही व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। गुप्तेश्वर साह ने 9 सितंबर की सशक्त बोर्ड बैठक की कार्यवाही और 9 अक्टूबर की बैठक में संपुष्ट योजनाओं के अभिलेखों के आधार पर जांच कराने की मांग की।
ईओ ने बैठक में प्रस्तावों के संपुष्ट होने की दी जानकारी
इधर, कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार ने बताया कि 9 अक्टूबर की बैठक में पिछली बैठक में लिए गए योजनाओं के प्रस्तावों को सशक्त बोर्ड की ओर से संपुष्ट किया गया है।
उन्होंने बताया कि उपमुख्य पार्षद झुनिया देवी की अनुपस्थिति में मुख्य पार्षद जुगनू देवी, सशक्त स्थायी समिति सदस्य मनोज कुमार पासवान, हिरालाल पांडेय और सागीर साह की मौजूदगी में प्रस्तावों का संपुष्टिकरण किया गया।












