Cyclonic Storm Arnav: भोजपुर जिले सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार में चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से हो रही बारिश और तेज हवाओं ने धान की तैयार फसल पर संकट खड़ा कर दिया है। पूर्व विधायक भाई दिनेश ने फसल क्षति सर्वेक्षण, राहत और अनुदान की मांग करते हुए किसानों को सावधानी बरतने की अपील की है।
- हाइलाइट्स: Cyclonic Storm Arnav
- बारिश और तेज हवाओं से धान की तैयार फसल को भारी नुकसान की आशंका।
- भाई दिनेश ने तत्काल क्षति सर्वेक्षण और किसानों को अनुदान देने की मांग की।
- किसानों को जलनिकासी, सुरक्षित भंडारण और मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह
जगदीशपुर/आरा। बिहार में चक्रवाती तूफान अर्णव के प्रभाव से हो रही बेमौसम बारिश और तेज हवाओं ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। भोजपुर जिले सहित दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई हिस्सों में मौसम के बदले मिजाज के कारण खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। ऐसे समय में जब अधिकांश किसानों की फसल पककर तैयार है और अब कटाई का समय चल रहा है, तभी लगातार हो रही बारिश खेती-किसानी के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।
Cyclonic Storm Arnav: धान की फसल पर मंडरा रहा खतरा
पूर्व विधायक भाई दिनेश ने कहा कि भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, अरवल और औरंगाबाद समेत कई जिलों में बारिश, तेज हवा और आंधी-तूफान की चेतावनी किसानों के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने बताया कि कई किसानों ने धान की कटाई पूरी कर ली है, जबकि बड़ी संख्या में किसान अभी भी कटाई के कार्य में जुटे हुए हैं। जिन किसानों ने कटाई के बाद धान को खेतों में सुखाने के लिए छोड़ रखा है, उनकी फसल के भीगने के साथ सड़ने की आशंका बढ़ गई है।
गुणवत्ता पर पड़ सकता है असर: लगातार बारिश की स्थिति में धान में नमी बढ़ सकती है, जिससे दानों की गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा रहता है। कटी हुई फसल में सड़न, फफूंद और रंग खराब होने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं। वहीं तेज हवाओं के कारण खेतों में खड़ी धान की फसल गिरने की आशंका है, जिससे कटाई में अतिरिक्त श्रम और लागत बढ़ सकती है तथा उत्पादन प्रभावित हो सकता है।
सब्जी और अन्य फसलें भी प्रभावित: भाई दिनेश ने कहा कि किसानों ने अपनी मेहनत, समय और पूंजी लगाकर फसल तैयार की है। ऐसे समय में मौसम की प्रतिकूलता उनके लिए आर्थिक संकट का कारण बन सकती है। धान के अलावा खेतों में लगी सब्जियां तथा अन्य तैयार फसलें भी बारिश और तेज हवा के कारण प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन कृषि विभाग द्वारा क्षेत्रीय सर्वेक्षण के बाद ही संभव हो पाएगा।
सरकार से की कई मांगें
पूर्व विधायक ने बिहार सरकार, जिला प्रशासन और कृषि विभाग से मांग की है कि जगदीशपुर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे भोजपुर जिले में कृषि अधिकारियों की विशेष टीम भेजकर फसल क्षति का स्थलीय सर्वेक्षण कराया जाए। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की खड़ी फसल गिर गई है अथवा कटी हुई फसल बारिश के कारण खराब हुई है, उनकी क्षति का निष्पक्ष मूल्यांकन कर नियमानुसार मुआवजा और फसल क्षति अनुदान उपलब्ध कराया जाए।
किसानों को मिले मार्गदर्शन: उन्होंने पंचायत और प्रखंड स्तर पर कृषि विभाग के अधिकारियों को सक्रिय करने की भी मांग की, ताकि किसानों को जलनिकासी, सुरक्षित भंडारण और फसल संरक्षण के संबंध में आवश्यक सलाह दी जा सके। साथ ही प्रभावित किसानों के आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाए जाने पर भी जोर दिया।
किसानों से सावधानी बरतने की अपील” भाई दिनेश ने किसानों से अपील की कि वे मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में विशेष सतर्कता बरतें। कटी हुई फसल को यथासंभव सुरक्षित स्थान पर रखें, खुले में रखे धान को तिरपाल से ढकें तथा खेतों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करें। उन्होंने आंधी, गरज और बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में काम करने से बचने की सलाह भी दी।
समय पर राहत जरूरी: उन्होंने कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत से तैयार फसल यदि मौसम की मार से बर्बाद होती है तो इसका सीधा असर उनके परिवार की आजीविका पर पड़ता है। इसलिए सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि समय रहते नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित राहत और सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसानों को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।











