HomeNewsबिहारतबादले से चर्चा में आए जगदीशपुर एसडीपीओ: प्रशासनिक निर्णय या राजनीतिक हनक...

तबादले से चर्चा में आए जगदीशपुर एसडीपीओ: प्रशासनिक निर्णय या राजनीतिक हनक का परिणाम

तीन करोड़ की हेरोइन बरामदगी के बाद जगदीशपुर एसडीपीओ का तबादला, क्षेत्र में उठे सवाल

Jagdishpur SDPO Rahul Kumar: महज दो महीने के कार्यकाल में नशा तस्करी पर लगातार कार्रवाई और कई आपराधिक मामलों के उद्भेदन से चर्चा में आए थे राहुल कुमार

  • हाइलाइट: Jagdishpur SDPO Rahul Kumar
  • जगदीशपुर एसडीपीओ राहुल कुमार का करीब दो महीने बाद तबादला
  • शाहपुर, बिहिया और जगदीशपुर थाना क्षेत्रों में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई
  • गांजा, अफीम और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर भी शिकंजा

पटना। बिहार की प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में इन दिनों भोजपुर जिले का जगदीशपुर अनुमंडल खासा चर्चा का विषय बना हुआ है। महज दो महीने के अत्यंत संक्षिप्त कार्यकाल में अपनी कार्यकुशलता, कर्तव्यनिष्ठा और अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई से आम जनता के दिलों में खास जगह बनाने वाले जगदीशपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राहुल कुमार का अचानक हुआ तबादला क्षेत्र में एक बड़ा सवालिया निशान बन गया है।

Bijay Kumar singh
Bijay Kumar singh (1)
Shadow

कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और नशा तस्करों की कमर तोड़ने वाले एक तेजतर्रार पुलिस अधिकारी का इतनी जल्दी तबादला होना न केवल आम नागरिकों को बल्कि राजनीतिक विश्लेषकों और जनप्रतिनिधियों को भी हैरान कर गया है। इस स्थानांतरण ने प्रशासनिक फेरबदल की सामान्य प्रक्रिया से परे जाकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जिन पर अब खुलकर बहस शुरू हो चुकी है।

Jagdishpur SDPO Rahul Kumar : मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और उनके नेटवर्क ध्वस्त

राहुल कुमार ने जब जगदीशपुर अनुमंडल के पुलिस महकमे की कमान संभाली थी, तब शायद ही किसी ने यह कल्पना की होगी कि यह अधिकारी अपनी कार्यशैली से इतनी जल्दी पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा। अपने दो महीने के छोटे से कार्यकाल के दौरान उन्होंने शाहपुर, बिहिया और जगदीशपुर जैसे संवेदनशील थानों के अंतर्गत आने वाले इलाकों में अपराध और अपराधियों के खिलाफ एक प्रकार से खुली जंग का ऐलान कर दिया था। उनके नेतृत्व में स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जो अभियान चलाया, उसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी।

इस दौरान पुलिस ने लगभग तीन करोड़ रुपये मूल्य की भारी-खासी हीरोइन बरामद की, जो यह बताने के लिए काफी है कि क्षेत्र में किस बड़े पैमाने पर युवाओं की नसों में जहर घोला जा रहा था। गांजा, अफीम और अन्य कई प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार छापेमारी की गई और उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने का प्रयास किया गया।

सिर्फ नशा तस्करी ही नहीं, बल्कि विभिन्न प्रकार के गंभीर आपराधिक कांडों का उद्भेदन और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन भी उनके कार्यकाल की मुख्य विशेषता रही। पुलिस की सक्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि थानों में विशेष कैंप लगाकर मामलों के निपटारे पर जोर दिया गया। हर दो से तीन दिन के अंतराल पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विभिन्न आपराधिक मामलों का खुलासा करना और मीडिया के माध्यम से जनता तक सही जानकारी पहुंचाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा बन चुका था।

इससे न केवल अपराधियों में भय का माहौल पैदा हुआ, बल्कि आम जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ। लोगों को यह उम्मीद बंधने लगी थी कि अब उनके क्षेत्र में कानून का राज मजबूती से स्थापित होगा और अपराधी खुली हवा में सांस नहीं ले पाएंगे।

अचानक आए राहुल कुमार के तबादले की खबर

लेकिन, इन सबके बीच अचानक आए राहुल कुमार के तबादले ने सभी उम्मीदों पर एक तरह से पानी फेर दिया है। इतनी कम अवधि में एक बेहतरीन और परिणाम देने वाले अधिकारी का स्थानांतरण होना जनता के गले नहीं उतर रहा है। इस प्रशासनिक कदम के खिलाफ अब राजनीतिक स्वर भी मुखर होने लगे हैं। राजद के वरिष्ठ नेता और जगदीशपुर के पूर्व विधायक भाई दिनेश ने इस मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लेते हुए तीखे सवाल उठाए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों के माध्यम से इस तबादले की पूरी प्रक्रिया पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है और इसे लेकर सरकार से स्पष्ट जवाब की मांग की है।

भाई दिनेश का यह सवाल बेहद तर्कसंगत प्रतीत होता है कि आखिर किस परिस्थिति, किस आरोप या किस गलती के कारण एक ऐसे अधिकारी का तबादला महज दो महीने के भीतर कर दिया गया, जो लगातार अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर रहा था। उनका आरोप है कि क्षेत्र के कुछ राजनीतिक रसूखदार लोगों और शराब तथा ड्रग्स के अवैध कारोबार में संलिप्त माफियाओं के दबाव में यह कार्रवाई की गई है।

उन्होंने यह भी तीखा प्रहार किया है कि क्षेत्र के जो मंत्री खुद को सत्ता के गलियारों में सबसे ताकतवर बताते हैं और अपनी पहुंच का दंभ भरते हैं, उन्हें जनता के इन वाजिब सवालों का सामना करना चाहिए। उनका सीधा कहना है कि जगदीशपुर की जनता को राजनीतिक प्रभाव का प्रदर्शन नहीं, बल्कि अपराध मुक्त समाज और जवाबदेह प्रशासन चाहिए।

जगदीशपुर किला मैदान गेट के समीप धरना देने की घोषणा

इस पूरे घटनाक्रम के विरोध में और नशा तस्करी के नेटवर्क की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आगामी दिनों में जगदीशपुर किला मैदान गेट के समीप धरना देने की भी घोषणा की गई है। इस आंदोलन के माध्यम से सरकार, गृह विभाग और पुलिस मुख्यालय का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जाएगा। मांग की जा रही है कि केवल एसडीपीओ के तबादले के कारणों को ही सार्वजनिक न किया जाए, बल्कि उन तमाम ताकतों की भी उच्चस्तरीय जांच हो जो पर्दे के पीछे से इस अवैध कारोबार को संरक्षण दे रही हैं।

यह सुशासन, न्याय और कानून के राज की परीक्षा का विषय

पूर्व विधायक ने कहा कि किसी भी स्वस्थ लोकतंत्र में प्रशासनिक अधिकारियों का मनोबल ऊंचा रहना बेहद जरूरी है। यदि अपराध और नशाखोरी के खिलाफ कड़े कदम उठाने वाले पुलिस अधिकारियों को इस प्रकार अचानक हटा दिया जाएगा, तो इससे पुलिस बल का उत्साह कम होता है और अपराधियों के हौसले बुलंद होते हैं। जगदीशपुर की यह घटना केवल एक अधिकारी के तबादले की नहीं है, बल्कि यह सुशासन, न्याय और कानून के राज की परीक्षा का विषय बन चुकी है।

उन्होंने कहा राज्य सरकार और पुलिस मुख्यालय को चाहिए कि वे जनता के मन में उठ रहे इन तमाम संशयों को दूर करें और पारदर्शिता के साथ सच को सामने लाएं। जब तक इस पूरे नेक्सेस की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक जनता के बीच बना यह असंतोष शांत होना कठिन है। जगदीशपुर की जागरूक जनता अब चुप बैठने वाली नहीं है, वह अपने अधिकारों और सुरक्षित भविष्य के लिए जवाब चाहती है, दंभ नहीं।

ranjna
Shadow
RAVI KUMAR
RAVI KUMAR
बिहार के भोजपुर जिला निवासी रवि कुमार एक भारतीय पत्रकार है एवं न्यूज पोर्टल खबरे आपकी के प्रमुख लोगों में से एक है।
- Advertisment -
jay kumar (1)

Most Popular