Kumar Abhishek NGO: नई एजेंसी का नाम कुमार अभिषेक है, जिसके सुपरवाइजर शैलेश गुप्ता हैं और इसका पंजीकृत पता वशिष्ठ नगर, आरा है: ईओ शुभम कुमार
- हाइलाइट:Kumar Abhishek NGO
- नगर के कई बड़े नाले जाम, खराब वाहन के कारण समय पर कचरा उठाव नहीं।
- एनजीटी (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल) के दिशा-निर्देशों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
- शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में एनजीओ का कोई भौतिक कार्यालय तक मौजूद नहीं है
Kumar Abhishek NGO आरा। शाहपुर नगर पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था की वर्तमान स्थिति चिंता का एक गंभीर विषय बनती जा रही है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाने की जिस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को एक गैर-सरकारी संगठन को सौंपा गया था, वह आज धरातल पर पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। नगर की साफ-सफाई की कमान संभालने में यह एजेंसी हर मोर्चे पर नाकाम नजर आ रही है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी असंतोष व्याप्त है।
Kumar Abhishek NGO: नगर क्षेत्र में एनजीओ का कोई भौतिक कार्यालय तक मौजूद नहीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में इस संबंधित एनजीओ का कोई भौतिक कार्यालय तक मौजूद नहीं है, जो इसकी कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है। हैरानी की बात यह है कि बिना किसी ठोस कार्य के यह एजेंसी सफाई के नाम पर नगर पंचायत से प्रतिमाह भारी-भरकम राशि की वसूली कर रही है, जबकि इसके एवज में नगर की जनता को केवल निराशा ही मिल रही है। सड़कों पर झाड़ू तक नहीं लगाई जा रही है और सफाई कर्मियों की भारी कमी के कारण केवल कुछ गिने-चुने और चिन्हित स्थानों पर ही सफाई कर्मी नजर आते हैं। पारदर्शिता के नाम पर बायोमेट्रिक हाजिरी की व्यवस्था भी कागजों तक ही सीमित है और धरातल पर इसका कोई पालन नहीं हो रहा है।
कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 1 जून 2026 से कार्यरत इस नई एजेंसी का नाम कुमार अभिषेक है, जिसके सुपरवाइजर शैलेश गुप्ता हैं और इसका पंजीकृत पता वशिष्ठ नगर, आरा बताया गया है। बता दें कि इससे पूर्व भी नगर में सफाई की जिम्मेदारी प्रताप सेवा संकल्प नामक एनजीओ के पास थी, जिसे कुल अठ्ठाईस शर्तों के तहत यह कार्य सौंपा गया था। इसके एवज में नगर पंचायत द्वारा उस एनजीओ को प्रतिमाह ग्यारह लाख सतासी हजार आठ सौ बयासी रुपए की बड़ी धनराशि निर्गत की जाती थी।
हालांकि, संतोषजनक कार्य न करने और अपनी जिम्मेदारियों को पूरा न करने के कारण उस पूर्व एनजीओ को ब्लैक लिस्ट कर दिया गया था। ऐसे में यह सवाल आम जनता के जेहन में बार-बार उठ रहा है कि आखिर शाहपुर नगर पंचायत प्रशासन इस मौजूदा कुमार अभिषेक नामक एनजीओ पर इतनी मेहरबानी क्यों दिखा रहा है, जबकि इसके कार्य बेहद खराब है। इसके पहले मात्र 4 लाख से भी कम लागत में विभागीय सफाई बेहतर थे।
एनजीओ की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
प्रमुख रूप से सड़कों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करना, सभी छोटे-बड़े नालों की उड़ाही कर सिल्ट का उचित डिस्पोज ऑफ करना, घर-घर जाकर गीला एवं सूखा कचरा संग्रहित करना, कचरे का स्रोत पर ही पृथक्कीकरण करना, उसका परिवहन कर कम्पोस्टिंग पिट एवं एमआरएफ सेंटर तक भेजना, अनुपयोगी कचरे को लैंडफिल साइट पर निष्पादित करना, कम्पोस्टिंग पिट, मशीन और एमआरएफ सेंटर का सुचारू संचालन करना, आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और सैनिटाइजेशन करना तथा मृत पशु-पक्षियों का सुरक्षित निष्पादन करना शामिल है।
लेकिन विडंबना यह है कि इनमें से एक भी कार्य धरातल पर सुचारू रूप से नहीं किया जा रहा है। नगर के कई नाले जाम हैं, खराब वाहन के कारण कचरा समय पर उठ नहीं रहा है और ब्लीचिंग पाउडर या सैनिटाइजेशन के अभाव में बीमारियों का खतरा लगातार मंडरा रहा है।
एनजीटी के नियमों का पालन नहीं
इसके अतिरिक्त, पर्यावरण संरक्षण और जल स्रोतों की शुचिता को लेकर एनजीटी यानी नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के दिशा-निर्देशों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्थानीय नदियों और तालाबों की सफाई के मामले में एनजीटी के नियमों का बिल्कुल भी पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे जलीय जीवन और पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
श्रम कानूनों और सफाई कर्मियों के अधिकारों की स्थिति भी बेहद दयनीय है। नियम के विपरीत न तो सफाई कर्मियों की कोई आधिकारिक सूची उपलब्ध कराई गई है और न ही इन सफाई कर्मियों को व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण यानी पीपीई किट जैसे मानक वर्दी, जूते, हैंड गॉव्स, हैंड सैनिटाइजर, मास्क और परिचय-पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करने के लिए विवश किया जाना मानवाधिकारों का भी उल्लंघन है।
लापरवाह एनजीओ पर कारवाई की मांग
इधर, पूर्व चेयरमैन विजय कुमार सिंह, आजाद गुप्ता, विनय मिश्रा, राकेश यादव सहित कई समाजसेवीयों ने कहा कि शाहपुर नगर पंचायत प्रशासन इस गंभीर मामले में संज्ञान ले और कागजी खानापूर्ति बंद कर धरातल पर उतरकर औचक निरीक्षण करे। लापरवाह एनजीओ के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए अनुबंध समाप्त किया जाना चाहिए और नगर की स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए एक जवाबदेह व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि शाहपुर की जनता को एक स्वच्छ और स्वस्थ परिवेश मिल सके।











