Cher River: भोजपुर जिले के शाहपुर-बनाही रोड पर छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी पार करना मंगलवार की दोपहर तीन युवकों को भारी पड़ गया।
- हाइलाइट: Cher River
- बाढ़ के तेज बहाव में बाइक समेत बहे तीन युवक, दो की तलाश जारी
- डायवर्सन पार करने की कोशिश पड़ी भारी, तेज धार में बहे तीन युवक
आरा। जिले के शाहपुर-बनाही रोड पर छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी पार करना मंगलवार की दोपहर तीन युवकों को भारी पड़ गया। बाइक से डायवर्सन पार करने के दौरान तीनों युवक तेज धार की चपेट में आकर बाइक समेत नदी के पानी में बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से एक युवक को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो युवक तेज बहाव में बहकर लापता हो गए।
लापता युवकों की पहचान शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित शोभिटोला निवासी सचिन रवानी (21) और संदीप रवानी (20) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि तीनों दोस्त मंगलवार की दोपहर बाइक से रुद्रनगर गांव गए थे। वहां से वापस लौटने के दौरान छेर नदी के डायवर्सन पर बाढ़ का पानी बह रहा था। इसके बावजूद तीनों बाइक से पानी पार करने का प्रयास करने लगे।
इसी दौरान अचानक तेज धार की चपेट में आने से बाइक समेत तीनों युवक बह गए। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने एक युवक को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सचिन रवानी और संदीप रवानी का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई।
नदी में पानी का तेज बहाव होने के कारण खोजबीन में परेशानी हो रही है। प्रशासन की ओर से लापता युवकों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया है। हादसे की सूचना के बाद लापता युवकों के स्वजन घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











