Makhdoom Baba Urs Bihiya: बिहिया में उर्स के दूसरे दिन दिखी आस्था और भाईचारे की मिसाल, मेले में भी रही भारी रौनक, चादरपोशी को पहुंचे हजारों अकीदतमंद
- हाइलाइट्स: Makhdoom Baba Urs Bihiya
- मखदूम बाबा उर्स 2026: महिलाओं ने मांगी सेहत की दुआ, दरगाह पर दिखी गंगा-जमुनी तहजीब
बिहिया/आरा। हजरत सैयद शाह सरफुद्दीन एहिया मनेरी रहमतुल्लाह अलैह (मखदूम बाबा) के 777वें सालाना उर्स के दूसरे दिन बुधवार को बिहिया स्थित दरगाह परिसर में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही चादरपोशी और हाजिरी के लिए अकीदतमंदों का पहुंचना शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। दरगाह परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही, जहां लोगों ने मखदूम बाबा की मजार पर चादर चढ़ाकर अपनी-अपनी मन्नतें मांगीं।
Makhdoom Baba Urs Bihiya: महिलाओं ने मांगी सेहत की दुआ
उर्स में महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में पहुंची महिलाओं ने शारीरिक कष्टों से राहत, बेहतर स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली के लिए दुआ मांगी। दरगाह पर पहुंचीं महिलाओं ने मखदूम बाबा के दरबार में अपने दुख-दर्द दूर होने और जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं का मानना है कि सच्चे मन से मांगी गई दुआ यहां जरूर कबूल होती है।
गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
उर्स के दौरान दरगाह परिसर में हिंदू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे की सुंदर तस्वीर देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोग एक साथ दरगाह पहुंचकर मखदूम बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। सामाजिक सद्भाव और आपसी सौहार्द का यह दृश्य लोगों के बीच समरसता का संदेश दे रहा है।
मेले में रही खूब रौनक
उर्स के अवसर पर दरगाह परिसर में लगे मेले में भी दिनभर चहल-पहल बनी रही। बच्चों ने विभिन्न झूलों का आनंद उठाया, जबकि महिलाओं की भीड़ श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं और खान-पान की दुकानों पर देखने को मिली। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने दरगाह में हाजिरी लगाने के साथ-साथ मेले की रौनक का भी भरपूर आनंद लिया। शाम होते-होते मेला परिसर लोगों की भीड़ से गुलजार हो उठा।
आज होगी तकरीर और फातेहा
उर्स आयोजन समिति के अनुसार 27 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले 777वें सालाना उर्स के अंतिम दिन गुरुवार रात 8 बजे से विशेष तकरीर और फातेहा का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद अगले दिन सुबह चार बजे पारंपरिक “दम मदाड” की रस्म अदा की जाएगी। इसको लेकर अकीदतमंदों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
उर्स और मेले में भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। दरगाह परिसर और मेला क्षेत्र में मजिस्ट्रेट एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा कर्मी लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।












