Mata Shabri Cricket Tournament: वीर कुंवर सिंह स्टेडियम आरा में आयोजित माता शबरी क्रिकेट टूर्नामेंट-2025 के तीसरे दिन मैदान पर खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपने कौशल और जुनून से दर्शकों का दिल जीत लिया।
- हाइलाइट:Mata Shabri Cricket Tournament
- नई आशा ने वंचितों के लिए किया है अनुकरणीय कार्य- संजय सिंह
- मुसहर समाज के लिए डाॅ भवेश उम्मीद की नई किरण- विपिन सिंह
- जरूरतमंदों की अवश्यकताएं सरकार की प्राथमिकता- डीएम
आरा। वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में चल रहे माता शबरी क्रिकेट टूर्नामेंट-2025 के तीसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस टूर्नामेंट में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिससे दर्शकों में उत्साह और जोश की लहर दौड़ गई। स्वागत करते हुए पद्मश्री डाॅ भीम सिंह भवेश ने कहा कि इस टूर्नामेंट के जरिए मुसहर समाज के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद मजबूत हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज में एकता और सहयोग की भावना को भी बढ़ावा देता है।
भीम सिंह भवेश एकलब्यों को पहचान दिला रहे हैं: संजय कुमार सिंह
उद्घाटनकर्ता संजय कुमार सिंह ने कहा कि यह टूर्नामेंट केवल खेल तक सीमित नहीं है, बल्कि मुसहर समाज के युवाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच भी बन गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिलता है। मैंने देखा कि खिलाड़ियों में खेलने का हुनर के साथ जीतने का जुनून भी है। सभी खिलाडियों ने अनुशासन, टीम भावना और खेल कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन किया। यह देखकर ऐसा लगा जैसे हर खिलाड़ी अपने समुदाय का प्रतिनिधित्व कर रहा हो और अपनी मेहनत से समाज का नाम रोशन करने का प्रयास कर रहा हो। उन्होंने कहा कि भीम सिंह भवेश एकलब्यों को पहचान दिला रहे हैं। उनका यह अभियान अन्य राज्यों तक जाएगा, जिससे और भी युवा इस दिशा में प्रेरित होंगे।
Mata Shabri Cricket Tournament: डीएम ने इस टूर्नामेंट को सामाजिक जागरूकता का एक महत्वपूर्ण मंच बताया
जिलाधिकारी तनय सुलतानिया ने सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की चर्चा करते हुए बताया कि जिले में महादलित के उत्थान के लिए कई तरीके की योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाना है ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें। जिले के सभी विभागों के पदाधिकारी काफी संजीदगी के तहत इस अभियान में लगे हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर युवा को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिले।
पुलिस अधीक्षक राज ने भी इन खिलाड़ियों के खेल कौशल की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल खेल का स्तर बढ़ता है, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव भी आता है। मेयर इंदु देवी ने कहा कि निगम क्षेत्र में इन युवाओं के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि खेल के माध्यम से युवाओं को एक नई दिशा मिलती है और यह उन्हें अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करता है।
उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में चलायी जा रही विकास योजनाओं की जानकारी दीं। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य न केवल खेल को बढ़ावा देना है, बल्कि युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर भी प्रदान करना है। ‘गोल‘ संस्थान के निदेशक विपिन कुमार सिंह ने कहा कि पहली बार ऐसा आयोजन देख रहा हूँ। उन्होंने कहा कि इस समाज के बच्चों को पढ़ने-लिखने यानी इंजीनियर और डॉक्टर बनने की तैयारी के लिए मेरे स्तर से जो भी मदद चाहिए, मैं दूंगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के साथ समाज का भी दायित्व है कि इन्हें मुख्य धारा में शामिल करने का प्रयास करें। धन्यवाद ज्ञापन नई आशा के वरीय सदस्य बबन सिंह ने किया। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि आशा है कि इस टूर्नामेंट के माध्यम से मुसहर समाज के युवा आगे बढ़ेंगे और अपने सपनों को साकार करेंगे।











