Ara Junction: आरा जंक्शन रेलयात्री सुविधा समिति की बैठक में एस्केलेटर और लिफ्ट जल्द चालू करने, सफाई, जल निकासी व शौचालय व्यवस्था सुधारने की मांग की गई। राजधानी, पटना-इंदौर और सीमांचल एक्सप्रेस के ठहराव पर भी चर्चा हुई।
- हाइलाइट:Ara Junction
- आरा जंक्शन रेलयात्री सुविधा समिति द्वारा कार्यक्रम का आयोजन
- समिति करेगी यात्री सविधाओं का नियमित अनुश्रवण
भोजपुर/बिहार। आरा रेलवे स्टेशन पर ‘आरा जंक्शन रेलयात्री सुविधा समिति’ के बैनर तले यात्री सुविधाओं और स्टेशन की व्यवस्थाओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के संस्थापक अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. भीम सिंह भवेश ने की।
बैठक में प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर निर्माणाधीन एस्केलेटर और लिफ्ट को एक सप्ताह के भीतर चालू करने की मांग की गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्मों पर निर्धारित सभी सफाई कर्मियों की पारदर्शी उपस्थिति सुनिश्चित करने, साइनेज, स्क्रबर और वॉकिंग मशीन की नियमित एवं पारदर्शी मॉनिटरिंग तथा प्लेटफॉर्मों पर उभरे गड्ढों को तत्काल भरने पर चर्चा हुई।
समिति ने पुराने शेड की मरम्मत और नए शेड के विस्तार, प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर जलापूर्ति के साथ शौचालय सुविधा उपलब्ध कराने तथा सर्कुलेटिंग एरिया स्थित पे एंड यूज शौचालय में यूरिनल की मुफ्त सेवा शुरू करने की मांग रखी।
बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि एस्केलेटर या लिफ्ट बंद होने की स्थिति में उसका कारण इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित किया जाए। पूरे स्टेशन परिसर की जल निकासी के लिए अलग व्यवस्था करने, सर्कुलेटिंग एरिया में कचरा, पानी और मूत्र के बहाव को तत्काल रोकने तथा अवैध जानवरों और वेंडरों पर नियंत्रण लगाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
Ara Junction : ट्रेन ठहराव की मांग
समिति ने आरा स्टेशन पर राजधानी एक्सप्रेस, पटना-इंदौर एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस के ठहराव की मांग की। इसके साथ ही उत्तरी छोर से दक्षिणी छोर की ओर जाने के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण, प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
महाप्रबंधक की ओर से आश्वासन
डॉ. भीम सिंह भवेश ने कहा कि 2 सितंबर 2026 से शुरू किए गए अभियान के तहत पिछले सोमवार को समिति का एक शिष्टमंडल हाजीपुर स्थित महाप्रबंधक कार्यालय गया था। महाप्रबंधक की ओर से त्वरित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद जनसहयोग से प्लेटफॉर्म के गड्ढे भरने का कार्यक्रम स्थगित कर बैठक आयोजित कर विमर्श किया गया।
बैठक में डा जितेंद्र शुक्ला, राजू मेहता, जेडआरयूसीसी मेंबर मांझिल सिंह, आरा बार एसो. के अध्यक्ष सुरेंद्र प्रसाद सिंह, रामकुमार सिंह, अवधेश पांडेय, यशवंत सिंह, डॉ. कृष्ण कुमार, भरत सिंह, अधिवक्ता सुरेश प्रसाद, राजद नेता मनोज सिंह, ईं धीरेन्द्र सिंह अशोक सिंह, नवीन प्रकाश, जदयू नेता संजय कुमार सिंह, देवदत्त सिंह, अमित कुमार सिन्हा, रोहित सिंह, अशोक कुमार भट्ट, दिलीप सिंह, गणेश प्रसाद कुशवाहा, रवि नंदन पंडित, मनोज ओझा, रोशन सिंह, आजाद सिंह, आलोक सिंह, विकास सिंह, जितेंद्र शर्मा, दिनेश कुमार सिन्हा, दीपक सिंह, अमित कुमार, शिखर श्रीवास्तव, मनीष वत्स, नकुल सिंह, राकेश कुमार सिंह, बिट्टू सिंह, आकाश पासवान, सुशील सिंह आदि प्रमुख थे।












