HomeNewsबिहारडीजीपी को सौंपा ज्ञापन: नीट पेपर लीक मामले पर एक्टिव हुए तेजस्वी

डीजीपी को सौंपा ज्ञापन: नीट पेपर लीक मामले पर एक्टिव हुए तेजस्वी

NEET Paper Leak: नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

  • हाइलाइट: NEET Paper Leak
  • नीट पेपर लीक मामले पर बिहार की राजनीति गरमाई
  • एके-47 जैसे घातक हथियारों के इस्तेमाल पर गहरा रोष

पटना। नीट परीक्षा में हुई अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा की गई बर्बर कार्रवाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए बिहार के पुलिस महानिदेशक विनय कुमार से मुलाकात की और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

NEET Paper Leak: छात्रों के विरुद्ध ‘शूट टू किल’ की मानसिकता स्वीकार्य नहीं

तेजस्वी यादव ने डीजीपी के समक्ष छात्रों पर हुए लाठीचार्ज और एके-47 जैसे घातक हथियारों के इस्तेमाल पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक प्रदर्शन पर पुलिस का यह रवैया अलोकतांत्रिक और दुखद है। तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार पुलिस ने छात्रों के विरुद्ध ‘शूट टू किल’ की मानसिकता अपनाते हुए सीधे गोलियां चलाईं, जो किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को पुलिस प्रशासन की मनमानी करार देते हुए संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्च अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

तेजस्वी यादव की डीजीपी से डिमांड

तेजस्वी यादव ने डीजीपी को सौंपे गए ज्ञापन में कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा है कि भीड़ नियंत्रण के लिए निर्धारित ‘ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान’ और मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) का पालन क्यों नहीं किया गया? शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा एके-47 जैसे हथियारों का उपयोग किस आधार पर किया गया और इन घातक हथियारों को चलाने का आदेश देने वाले वरीय पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध अब तक कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं की गई? तेजस्वी यादव ने इस पूरी घटना की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच की मांग की है।

राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ ना हो

तेजस्वी यादव ने डीजीपी से मांग की कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं और पुलिस तंत्र को अनुशासित किया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले पेपर लीक माफियाओं पर कार्रवाई करने के बजाय उन पर आवाज उठाने वाले छात्रों को निशाना बनाना सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। इस मुलाकात के दौरान तेजस्वी यादव के साथ राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी, मंगनीलाल मंडल, विधान पार्षद सुनील सिंह और भोला यादव मौजूद रहे।

ख़बरे आपकी
ख़बरे आपकी
Khabreapki covers all Breaking News in Hindi

Most Popular