Murder of Ram Kumar Singh: कस्टम के रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर व क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार सिंह की हत्या के बाद पुलिस-प्रशासन पर बड़ा आरोप लगा है।
- हाइलाइट: Murder of Ram Kumar Singh
- मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर गिरी गाज, निलंबित
आरा। कस्टम के रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर व क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राम कुमार सिंह की हत्या के बाद पुलिस-प्रशासन पर बड़ा आरोप लगा है। मृतक की पत्नी सुशीला देवी ने मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। वही सदर अंचलाधिकारी पर जमीन का फर्जी कागज बनाने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावे उन्होंने हत्या में षड्यंत्र रचने वाले चंदन, अमरेंद्र प्रताप एवं एक मीडिया कर्मी का नाम उजागर किया है।
उन्होंने बताया कि उनका मुफस्सिल थाना अंतर्गत सिंगही (बरहबतरा) गांव के समीप 14 कट्ठा जमीन है। हाल में उस जमीन की बाउंड्री को आरोपियों द्वारा तोड़ दिया गया था और लगातार उन्हें धमकी दी जा रही थी, कि तुम्हें और तुम्हारे परिवार को हम लोग गोली मार देंगे। जीने नहीं देंगे। करीब एक साल से उसी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
दूसरी तरफ मृतका की पत्नी ने चंदन नामक व्यक्ति एवं एक पत्रकार सहित अन्य लोगों पर जमीन के विवाद को लेकर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। वहीं मृतक के पुत्र राजेश कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने भी क्षत्रिय समाज से लोगों से एकजुट होकर मदद करने की अपील की है, उन्होंने कहा कि मेरे पिता के हत्यारे को फांसी होनी चाहिए।
Murder of Ram Kumar Singh: मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर गिरी गाज, निलंबित
बहुचर्चित राम कुमार सिंह हत्याकांड मामले में एसपी अवधेश दीक्षित ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। इस मामले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने को लेकर डीआईजी की अनुशंसा पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष निलंबित कर दिया। बताया जाता है कि मुफस्सिल थानाध्यक्ष पर राम कल्याण यादव पर अभियुक्तों को मदद करने का आरोप परिजनों द्वारा लगाया गया था। इस बात को एसपी ने काफी गंभीरता से लिया और उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
तीन सदस्यीय चिकित्सकों को टीम ने किया शव का पोस्टमार्टम
कस्टम के रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह के शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में हुआ। सिविल सर्जन डॉ. शिवेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर तीन सदस्यीय डॉक्टरो की टीम का गठन कर शव का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के बॉडी से तीन बुलेट बरामद किया गया। तीन सदस्यीय डॉक्टरों की टीम में ऑन ड्यूटी चिकित्सक डॉ. अशोक कुमार, डॉ. अमन सिंह एवं डॉ.शैलेंद्र कुमार शामिल है।
डीएम बोले: सरकारी पदाधिकारी की संलिप्तता होगा, तो होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी मनीष कुमार मीणा ने बताया कि दुखद घटना हुआ है, उन लोगों द्वारा कुछ डिमांड किया गया है, निष्पक्ष इन्वेस्टिगेशन और अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी। सभी बिंदुओं पर संज्ञान लिया गया है। कुछ गिरफ्तारियां इस मामले में हुई भी हैं। आगे भी इस मामले में गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है, उन्होंने बताया कि इस कांड में अगर किसी सरकारी पदाधिकारी का भी संलिप्तता होगा, तो उसपर कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि परिवार के सुरक्षा के भी मांग की गई है। उसे पर भी हम लोगों द्वारा संज्ञान लिया गया है और कार्रवाई की जा रही है।
एसपी बोले: प्रथम दृष्टया जमीन विवाद का मामला सामने आया
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि जो मृतक के परिजन एवं समाज वालों लोगों द्वारा आवेदन दिया गया है। उस पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि लोगों का आरोप था कि लोगों द्वारा इस संबंध में पूर्व में भी मुफस्सिल थाना में आवेदन दिया गया था। वावजूद इसके थानाध्यक्ष द्वारा कार्रवाई नहीं की गई थी।
लोगो की मांग के आधार पर मुफस्सिल थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मैं सुबह में परिवार वालों से मिला, तो परिवार वालों द्वारा जिन लोगों पर आरोप लगाया जा रहा था। उन लोगों में से एक को डिटेंड कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
श्री दीक्षित ने बताया कि जैसे ही परिवार वालों द्वारा आवेदन दिया जाएगा। आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया विवाद का कारण जमीन विवाद आ रहा है। उनके द्वारा जमीन संबंधित तीन विवाद बताया गया है। उसी विवाद पर विस्तृत रूप से जांच की जा रही है।












