Uproar in Arrah : सीएम सम्राट चौधरी को जाम स्थल पर बुलाने, आरोपियों का एनकाउंटर एवं दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की कर रहे थे मांग
- हाइलाइट: Uproar in Arrah
- रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर रामकुमार सिंह की हत्या के बाद लोगों का फूटा गुस्सा
- सदर अस्पताल मुख्य गेट के पास करीब एक घंटा रहा रोड जाम
- सदर अस्पताल में मुख्य गेट के पास एसपी और लोगों में हुई नोंकझोंक
- आरा-पटना मार्ग पर सपना सिनेमा बाईपास मोड को जाम कर किया प्रदर्शन
- घटनास्थल से गोली का 6 खोखा बरामद, दो हिरासत में, पूछताछ जारी
आरा। शहर के नवादा थाना क्षेत्र के जैन कालेज पूर्वी गेट कनकपूरी मोहल्ले के समीप गुरुवार की सुबह कस्टम के रिटायर असिस्टेंट कमिश्नर व समाजसेवी रामकुमार सिंह की हत्या के बाद लोगों का आक्रोश भड़क उठा। क्षत्रिय समाज के लोगों ने घटना से आक्रोशित होकर सदर अस्पताल के मुख्य गेट के पास रोड जाम कर दिया।
इस दौरान करीब आधे घंटे आवागमन बाधित रहा। सड़क जाम के दौरान मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक से लोगों की हल्की नोक झोंक हुई। इसके बाद आक्रोशित लोग शहर के सपना सिनेमा बाईपास मोड पर पहुंच गए और वहां रोड जाम कर दिया।
जाम के दौरान आरा-पटना, आरा-सासाराम, आरा-मोहनिया एवं बक्सर जाने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के दौरान सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। सड़क जाम के दौरान आक्रोशितो ने सीएम सम्राट चौधरी को जामस्थल पर बुलाने, हत्याकांड में शामिल आरोपियों का एनकाउंटर करने, मृतक के परिवार को सुरक्षा प्रदान करने, कांड में लापरवाही बरतने वाले मुफस्सिल थानाध्यक्ष व अन्य अफसर पर कार्रवाई करने आदि की मांग की।
जाम की सूचना पाकर सदर एसडीपीओ-वन सुशील कुमार, सदर एसडीपीओ-टू रंजीत कुमार सिंह, संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार, गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत, नवादा थानाध्यक्ष कुमार रजनीकांत सहित अन्य थाना की पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे लोगों को समझाने-बुझाने में जुट गई है।
रोड जाम में पूर्व विधायक अनवर आलम, निर्मल सिंह, विश्वनाथ सिंह, मंटू सिंह मुखिया समेत अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल से लगभग आधा दर्जन खोखा भी बरामद किया। वही सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इस हत्याकांड में पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही।












