Nitin Kumar Vaishali: दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन एवं जगजीवन हाल्ट के बीच अप लाइन पर मंगलवार की शाम वैशाली निवासी एक युवक का शव बरामद हुआ।
- हाइलाइट: Nitin Kumar Vaishali
- परिजन द्वारा अपहरण के बाद हत्या कर ट्रैक पर फेंकने का लगाया जा रहा आरोप
- मृतक के पिता के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का प्राथमिकी दर्ज
आरा। दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर आरा स्टेशन एवं जगजीवन हाल्ट के बीच अप लाइन पर मंगलवार की शाम वैशाली निवासी एक युवक का शव बरामद हुआ। सूचना पाकर रेल पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया।परिजन द्वारा अपहरण कर हत्या शव को रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मृतक वैशाली जिले के महीशौर थाना क्षेत्र के चांद सराय गांव निवासी मुकेश राय का 21 वर्षीय पुत्र नितिन कुमार है। वह हैदराबाद में रहकर प्राइवेट कंपनी में वेल्डिंग का काम करता था।
Nitin Kumar Vaishali: मुझे आरपीएफ ने सिगरेट पीते पकड़ लिया है, दस हजार फाइन मांग रहे है
इधर, मृतक के परिजन सह चांद सराय पंचायत के मुखिया बिपिन बिहारी राय ने बताया कि वह हैदराबाद में रहकर वेल्डिंग का काम करता था। 19 सितंबर (शुक्रवार) को वह ट्रेन द्वारा दानापुर आ रहा था। 20 सितंबर (शनिवार) की रात दस बजे उसने हैदराबाद में ही रह रहे अपने ममेरे भाई को फोन कर बताया कि मैं बक्सर पहुंचने वाला हूॅं। कुछ ही देर बाद उसने 10 बजकर 12 मिनट पर उसने दोबारा अपने ममेरे भाई को कॉल कर बोला कि मुझे आरपीएफ ने सिगरेट पीते हुए पकड़ लिया है और दस हजार रुपये फाइन मांग रहे हैं। तुम ऑनलाइन पेमेंट कर दो, तब मुझे छोड़ेंगे। जिसके बाद उसके भाई द्वारा रवि रंजन सिंह नामक यूपीआई नंबर पर पांच हजार रुपये भेजा गया, उसके बाद भी उन लोगों द्वारा उसे नहीं छोड़ा।
इसके बाद उसी यूपीआई रवि रंजन सिंह नामक व्यक्ति नंबर पर उनके द्वारा भी बात की गई तो, उसने कहा कि वह मेरा मित्र है। आप लोग पैसा दे दीजिए। उसके बाद वह छोड़ देगा। इसके बाद पुलिस के कहने पर 21 सितंबर को परिजन द्वारा दोबारा उसी नंबर पर बारह हजार रुपये ऑनलाइन पेमेंट किया गया। इसी बीच 21 सितंबर की रात आरा स्टेशन एवं जगजीवन हाल्ट के बीच अप लाइन पर उसका शव बरामद हुआ। वही दूसरी तरफ मृतक के परिजन बिपिन बिहारी राय ने उसका का अपहरण कर व हत्या कर उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाया है।
युवक के दोनों हाथ व चेहरा बांधकर ट्रेन आने के समय रेलवे ट्रैक पर छोड़ा
रेल पुलिस द्वारा बनाए गए मृत्यु समीक्षा रिपोर्ट के अनुसार मृत युवक के दोनों हाथ व चेहरा बांधकर ट्रेन आने के समय रेलवे ट्रैक पर छोड़ने व उसका शरीर दो भाग में कट जाने के कारण मौत होना प्रतीत होता है। इस संबंध में जीआरपी थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता मुकेश राय के द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण कर व हत्या कर शव को फेक जाने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
दो बहन और एक भाई में छोटा था मृतक नितिन
वैशाली निवासी नितिन का आरा में रेलवे ट्रैक पर शव मिलते ही उसके घर में हाहाकार मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। बताया जाता है कि मृतक अपने दो बहन व एक भाई में छोटा था एवं अपने मां-बाप का इकलौता चिराग था। उसके परिवार में मां सरिता देवी व दो बहन चांदनी कुमारी एवं सुरुचि कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है। उसकी मां सरिता देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।











