Contract killer Bhojpur: पूर्व कस्टम अधिकारी की हत्या की सुपारी लेने वाला कुख्यात पिंटू गिरफ्तार, अब दोनों शूटरों की तलाश
- हाइलाइट:Contract killer Bhojpur
राम कुमार सिंह हत्याकांड: पुलिस की बड़ी सफलता - कोईलवर पुल से सोमवार की शाम पकड़ा गया हथियार से लेकर शूटर तक की व्यवस्था करने वाला पिंटू
- पिंटू के घर से छापेमारी के दौरान एक कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद
- हत्या के अलावे गांजा तथा शराब की तस्करी सहित दर्जन भर केस में आरोपित रहा है पिंटू
- चंदन-मनोज सहित जमीन रजिस्ट्री में शामिल लोगों ने पिंटू को दी थी सुपारी
- हथियार खरीदने सहित अन्य काम के लिए पिंटू को दिए गए थे दो लाख की अग्रिम राशि
- हत्या की कड़ी जोड़ने के लिए पिंटू सहित गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को रिमांड पर लेगी पुलिस
- इंस्पेक्टर समेत 14 के खिलाफ प्राथमिकी, अबतक मनोज और चंदन सहित दो नामजद को जेल
- बेटे के बयान पर दर्ज किया गया मुकदमा, जमीन हड़पने के लिए हत्या का आरोप
- मुफस्सिल के तत्कालीन थानाध्यक्ष और राजस्व कर्मचारी सहित अन्य पर हत्या की साजिश का आरोप
- नवादा थाने के कनकपुरी मोहल्ला में 15 अक्टूबर की सुबह गोली मार कर की गयी थी हत्या
आरा। नवादा थाना क्षेत्र के कनकपुरी मोहल्ला निवासी क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या की सुपारी लेने वाले पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी गिरफ्तारी से हत्याकांड का अहम राज भी सामने आ गया है। पिंटू कुमार को पटना एसटीएफ के सहयोग से सोमवार की देर शाम कोईलवर पुल के पास से पकड़ा गया है। उसकी निशानदेही पर उसके घर से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पिंटू कुमार मूल रूप से बिहिया थाना क्षेत्र के झौंवा गांव का रहने वाला है। फिलहाल वह नगर थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में रहता था। हत्या के बाद वह नागालैंड भाग गया था। इसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। हत्या के अलावे गांजा और शराब तस्करी सहित दर्जन कांडों में जेल जा चुका है। पिंटू कुमार ने पूर्व अधिकारी राम कुमार सिंह सिंह की हत्या के लिए दो शूटरों को हायर किया था और हथियार की भी व्यवस्था की थी। उसके लिए पिंटू कुमार को दो लाख की अग्रिम राशि दी गयी थी। हत्या के दौरान वह घटनास्थल पर मौजूद था। उसे सीसीटीवी फुटेज में शूटरों के साथ बाइक पर देखा जा रहा है।
पिंटू कुमार पूर्व अधिकारी की हत्या के मुख्य अभियुक्त सिंगही निवासी चंदन सिंह का खास दोस्त था। चंदन और मनोज सहित जमीन रजिस्ट्री में शामिल सभी लोगों ने मिलकर चंदन को हत्या की सुपारी दी थी। वहीं, हत्या के लिए शूटरों को घटनास्थल पर आने-जाने के लिए चंदन सिंह के मौसेरे भाई की बाइक का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में दी जानकारी।
उन्होंने बताया कि पूर्व अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के बाद से नामजद अभियुक्तों और शूटरों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही थी। कांड के नामजद मनोज सिंह लक्की और चंदन सिंह सहित चार अभियुक्तों को पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उसी क्रम में सोमवार की शाम तकनीकी साक्ष्य एवं लोकल इनपुट के जरिए हत्या की सुपारी लेने वाले पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकरियां मिली है। इसकी निशानदेही पर दोनों शूटरों और हत्या में इस्तेमाल हथियार एवं बाइक की बरामदगी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
वहीं हत्या कांड की कड़ी जोड़ने के लिए पिंटू कुमार, मनोज सिंह उर्फ लक्की और चंदन सिंह सहित अबतक गिरफ्तार पांचों अभियुक्तों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जायेगी। एसपी ने बताया कि अनुसंधान के दौरान नामजद अभियुक्तों तथा शूटरों के अलावे हत्या कांंड में कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आये हैं। सभी की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है। कुछ लोगों के वारंट भी मिल गया है। गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में उनके घर की कुर्की भी की जायेगी।
Contract killer Bhojpur: जमीन पर अंतरिम रोक लगाने के बाद बनी हत्या की प्लानिंग, पिंटू को दिए गए थे दो लाख
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या जमीन के विवाद में सुनियोजित तरीके से की गयी थी। हत्या की प्लानिंग में चंदन सिंह और मनोज सिंह उर्फ लक्की सहित जमीन के सभी पार्टनर शामिल थे। पिंटू कुमार से पूछताछ से इस बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है।
एसपी ने बताया कि जमीन पर अंतरिम रोक लगने के बाद राम कुमार सिंह की हत्या की प्लानिंग की गयी थी। उसके बाद जमीन के सभी पार्टनर द्वारा पिंटू कुमार को हत्या की सुपारी दी गयी थी। उसे लेकर हथियार खरीदने सहित अन्य खर्च के लिए अग्रिम राशि के रूप में पिंटू कुमार को दो लाख रुपए दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक ने बताया अब तक जांच में यह बात सामने आयी है कि अग्रिम राशि के अलावे चार-पांच लाख रुपए भी दिए गए थे। हालांकि अब तक यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कितने की सुपारी दी गई थी। इस बिंदु पर भी अनुसंधान किया जा रहा है।
इधर, जानकारी के अनुसार चंदन सिंह और पिंटू कुमार दोस्त थे। दोनों साथ में शराब की तस्करी का धंधा करते थे। कहा जा रहा है कि पिंटू कुमार के पास चंदन सिंह का डेढ़ लाख रुपए था। चंदन सिंह की ओर से पिंटू से कहा जा रहा था कि राम कुमार सिंह की हत्या कर दो या सूद सहित पूरा पैसा वापस करो। चंदन सिंह के दबाव में पिंटू हत्या करने के लिए तैयार हो गया।
बता दें कि 15 अक्टूबर की सुबह करीब छह बजे कनकपुरी मोहल्ला निवासी पूर्व अधिकारी सह क्षत्रिय कल्याण संघ के अध्यक्ष रामकुमार सिंह टहलने जाने के लिए घर से निकल रहे थे। वे कार निकालने के बाद गैराज में ताला बंद करने के दौरान घात लगाए बाइक सवार बदमाशों की ओर से उन्हें गोलियां से भून डाला गया था। उसमें घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी थी। इस मामले में पूर्व अधिकारी के बेटे अमित कुमार उर्फ गोल्डी के बयान पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
उसमें चंदन सिंह, चंदन सिंह की पत्नी चांदनी सिंह, मनोज सिंह उर्फ लक्की, जय प्रकाश यादव उर्फ गुड्डू, मुफस्सिल थाने के तत्कालीन थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राम कल्याण यादव, भीम सिंह, दत्तक पुत्र संतोष कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, शैफ आलम, सुधीर कुमार सिंह, अमरेंद्र बहादुर सिंह, दीपक कुमार सिंह, हर्षित सिंह और राजस्व कर्मचारी विष्णु देव सिंह सहित 14 लोगों को नामजद किया गया है।
इंस्पेक्टर राम कल्याण और राजस्व कर्मचारी विष्णु देव सिंह सहित चार लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया गया है। हत्या के तत्काल बाद मनोज सिंह लक्की को गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके कुछ दिन के बाद चंदन सिंह और उसके सहयोगी अभिषेक यादव को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया था। इनकी निशानदेही पर टीपू कुमार को आरा से पकड़ा गया था। चंदन सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसके घर से एक देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और एक थार कार जब्त की गयी थी।
नागालैंड भाग गया था पिंटू, नहीं कर रहा था मोबाइल का इस्तेमाल
पूर्व अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या के बाद पिंटू कुमार नागालैंड भाग गया था। पुलिस से बचने के लिए वह मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं कर रहा था। लेकिन चंदन सिंह की गिरफ्तारी और हत्याकांड में नाम आने के बाद पिंटू गांव लौट आया था। तभी सोमवार की शाम कोईलवर पुल के समीप पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने बताया कि पिंटू कुमार पूर्व से गांजा और शराब की तस्करी का धंधा करता था। उस क्रम में उसका अक्सर नागालैंड आना-जाना लगा रहता था। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद वह नागालैंड भाग गया था।
इधर, जानकारी के अनुसार प्लानिंग के तहत 15 अक्टूबर की अहले सुबह पिंटू कुमार दोनों शूटरों के साथ बाइक से लेकर कनकपुरी मोहल्ला पहुंचा। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद दोनों शूटरों के साथ वह मझौंवा गांव,फिर वहां से कार से अपने दोस्त के पास वैशाली भाग गया। उसके बाद नागालैंड के दीमापुर चला गया। वह मोबाइल का भी इस्तेमाल नहीं कर रहा था। कभी कभार मैसेंजर का इस्तेमाल करता था। लेकिन पुलिस की दबाव के कारण जैसे ही वह आरा लौटा, तभी उसे धर दबोचा गया।
अपराधी का निकाला जुलूस: हत्या की सुपारी लेने वाले को पैदल थाने से कोर्ट ले गयी पुलिस
कनकपुरी मोहल्ला निवासी पूर्व कस्टम अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या की सुपारी लेने वाले कुख्यात अपराधी पिंटू कुमार का सड़क परेड कराया गया। उसके तहत उसे पेशी के लिए तीनों को पैदल ही नवादा थाने से कोर्ट तक ले जाया गया। बिना नकाब और हाथ में हथकड़ी लगे पिंटू कुमार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कोर्ट ले जाया गया। उसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ लगी रही।
इससे पूर्व इसी हत्या कांड में गिरफ्तार चंदन सिंह, टीपू कुमार और अभिषेक यादव का भी सड़क परेड कराया गया था। तीनों को पैदल ही थाने से कोर्ट ले जाया गया। पुलिस के अनुसार पिंटू कुमार का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। वह गोलीबारी और हत्या के अलावे गांजा तथा शराब की तस्करी सहित दर्जन भर कांडों में आरोपित रहा है। शाहपुर इलाके में एक व्यक्ति की हत्या के अलावे वरीय नेता विश्वनाथ सिंह पर फायरिंग में भी इसका नाम आया था।











