Garbage Bihiya: बिहिया में नवरात्रि के पहले दिन सड़कों, गलियों और पूजा पंडालों के पास कूड़ा जमा रहा। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाए।
- हाइलाइट:
- नवरात्रि के पहले दिन बिहिया नगर क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर नजर आए।
पूजा पंडालों और शिव मंदिर के पास कचरा जमा होने से श्रद्धालु परेशान रहे।
स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमित कचरा उठाव की मांग की।
आरा/बिहिया। नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को बिहिया नगर पंचायत क्षेत्र में सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आई। नगर की सड़कों और गलियों में जगह-जगह कूड़े के ढेर पड़े रहे। दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास भी कचरा जमा होने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर के मुख्य मार्ग पर दिनभर कूड़ा पड़ा रहा, लेकिन उसका उठाव नहीं कराया गया। हाई स्कूल परिसर स्थित पूजा पंडाल और शिव मंदिर के समीप ट्रांसफॉर्मर के पास भी कचरा जमा रहा। इससे आसपास दुर्गंध फैलने के कारण श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी हुई।
Garbage Bihiya: सफाई पर हर महीने करीब 42 लाख रुपये खर्च होने का दावा
बिहिया नगर पंचायत में 14 वार्ड हैं और सफाई व्यवस्था एनजीओ के माध्यम से संचालित की जाती है। स्थानीय लोगों द्वारा बताया जाता है कि सफाई व्यवस्था पर प्रतिमाह लगभग 42 लाख रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद पर्व के पहले दिन नगर की सफाई व्यवस्था खराब रहने से नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। सफाई खर्च पर नपं द्वार मौन धारण की नीति अपनाई जा रही है।
नगर पंचायत प्रशासन के अनुसार, रविवार को सफाई कर्मियों का साप्ताहिक अवकाश रहता है। हालांकि, प्रशासन ने रविवार को भी सफाई कार्य कराए जाने की बात कही है।
समय-सारणी और संपर्क व्यवस्था सार्वजनिक नहीं होने का आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में सफाई कार्य के लिए कोई स्पष्ट समय-सारणी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसके अलावा वार्ड सुपरवाइजरों के संपर्क नंबर भी जारी नहीं किए गए हैं। लोगों का यह भी आरोप है कि सफाई कार्य से संबंधित शिकायतों के लिए एनजीओ की ओर से कोई हेल्पलाइन नंबर उपलब्ध नहीं कराया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कुमार अभिषेक नामक नये एनजीओ को सफाई कार्य सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, नगर पंचायत की ओर से एनजीओ की सेवा शर्तों, सफाई की सुबह और शाम की पाली तथा प्रत्येक वार्ड में तैनात सफाई कर्मियों की संख्या से संबंधित जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।
लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से सफाई व्यवस्था की निगरानी मजबूत करने, वार्डवार सफाईकर्मियों की जानकारी सार्वजनिक करने और शिकायतों के लिए संपर्क नंबर जारी करने की मांग की है।
पर्व को देखते हुए विशेष सफाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि नवरात्रि के पहले दिन पूजा पंडालों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाया जाना चाहिए था। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से नियमित कचरा उठाव, पंडालों के आसपास सफाई और दुर्गंध की समस्या दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।












