Protes Bihiya station: भाई दिनेश ने कहा कि बिहिया को केवल एक रेलवे स्टेशन के रूप में नहीं, बल्कि इतिहास, पर्यटन, व्यापार और आम जनता की जरूरतों से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए।
- हाइलाइट: Protes Bihiya station@ravi-kumar
- कोटा-पटना ट्रेन का प्रतिदिन परिचालन शुरू करने की मांग।
- सिकंदराबाद, पंजाब मेल और अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग।
- पूर्व में बंद किए गए ट्रेन ठहरावों को पुनः बहाल करने की मांग।
- बिहिया स्टेशन के ओवरब्रिज के जीर्णोद्धार की मांग।
- तत्काल टिकट में दलालों की मनमानी रोकने और पार्किंग में अवैध वसूली पर नियंत्रण की मांग।
बिहिया/आरा। रेल यात्री कल्याण समिति के नेतृत्व में बिहिया रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की विभिन्न समस्याओं और रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर धरना आयोजित किया गया। धरने में पूर्व विधायक भाई दिनेश शामिल हुए और यात्रियों की सभी जनहित से जुड़ी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बिहिया स्टेशन को सुंदर, स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक यात्री सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
Protes Bihiya station : बिहिया स्टेशन पर यात्री सुविधाओं में हो सुधार: भाई दिनेश
धरने को संबोधित करते हुए भाई दिनेश ने कहा कि बिहिया रेलवे स्टेशन क्षेत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू वीर कुंवर सिंह के किला मैदान, प्रसिद्ध मां महथीन देवी मंदिर और मुकदुम बाबा की मजार सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों के लिए नजदीकी रेलवे स्टेशन है। इसके अलावा बिहिया क्षेत्र की पुरानी और महत्वपूर्ण मंडी होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों और व्यवसायियों का आवागमन होता है।
बिहिया स्टेशन पर गरीब रथ ट्रेन का ठहराव
उन्होंने कहा कि जब लालू प्रसाद यादव रेल मंत्री थे, उस समय गरीब रथ ट्रेन के परिचालन की शुरुआत के दौरान बिहिया स्टेशन पर उसके ठहराव की व्यवस्था कराई गई थी। इसके अलावा मगध एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों का बिहिया और क्षेत्र के अन्य स्टेशनों पर ठहराव भी कराया गया था। इसके लिए उन्होंने लालू प्रसाद यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
पूर्व विधायक ने कहा कि वर्तमान समय में भी बिहिया के लोगों को बेहतर रेल सुविधाओं की आवश्यकता है। कोटा-पटना ट्रेन का प्रतिदिन परिचालन, सिकंदराबाद, पंजाब मेल सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का बिहिया स्टेशन पर ठहराव, कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों का पुनः परिचालन तथा पूर्व में जिन ट्रेनों का जहां ठहराव था, वहां उसे फिर से बहाल करना प्रमुख मांगों में शामिल है।
उन्होंने स्टेशन पर यात्रियों के लिए निःशुल्क पेयजल, स्वच्छ शौचालय और यूरिनल, महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग वेटिंग रूम तथा बेहतर सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही बिहिया स्टेशन के ओवरब्रिज का जीर्णोद्धार कराने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
दलालों की मनमानी पर लगे रोक
भाई दिनेश ने तत्काल टिकट में दलालों की मनमानी पर रोक लगाने, पार्किंग के नाम पर अवैध या मनमानी वसूली पर नियंत्रण करने और पैसेंजर ट्रेनों का समय से परिचालन सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने 60 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को रेल किराए में मिलने वाली रियायत को पुनः बहाल करने की मांग को भी उचित बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे को वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और आम यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देनी चाहिए।
भाई दिनेश ने कहा कि बिहिया को केवल एक रेलवे स्टेशन के रूप में नहीं, बल्कि इतिहास, पर्यटन, व्यापार और आम जनता की जरूरतों से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। इन सभी मांगों को लेकर रेल मंत्री और पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के महाप्रबंधक से मुलाकात कर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी रेल सुविधाओं के लिए संघर्ष और प्रयास लगातार जारी रहेगा।











