Rajesh Yadav Rupbandh: मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के 35 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के रूप में की गई है।
- हाइलाइट: Rajesh Yadav Rupbandh
- बाइक सवार युवक को अपराधियों ने टिपुरा गांव के पास दिया वारदात को अंजाम
आरा। भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत टिपुरा गांव के समीप रविवार की दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी दशरथ यादव के 35 वर्षीय पुत्र राजेश यादव के रूप में की गई है। मृतक के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गोलियों के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि हमलावरों ने अत्यंत करीब से फायर किया।
Rajesh Yadav Rupbandh : हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश यादव का आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर फायरिंग, हत्या के प्रयास और रंगदारी जैसे करीब एक दर्जन मामले विभिन्न थानों में दर्ज थे। करीब पांच महीने पहले ही उसे एक फायरिंग मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, और हाल ही में वह जमानत पर बाहर आया था।
बताया जा रहा है कि रविवार को राजेश बिहिया के कटेया गांव गया था और वहां से वापस अपनी बाइक पर सवार होकर रूपबांध गांव की ओर लौट रहा था। इसी दौरान टिपुरा गांव के समीप पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उसे अपना निशाना बनाया। अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक के परिजनों ने योगेंद्र यादव समेत अन्य लोगों पर हत्या का नामजद आरोप लगाया है।
पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किया। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की मुख्य वजह पुरानी रंजिश हो सकती है, हालांकि अन्य संभावित बिंदुओं पर भी गहन जांच की जा रही है।

