Roopbandh Jagdishpur News: भोजपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव में जमीन विवाद को लेकर भतीजे ने अपने 70 वर्षीय चाचा की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित मां-बेटे को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
हाइलाइट्स: Roopbandh Jagdishpur News
जमीन विवाद में 70 वर्षीय किसान की पीट-पीटकर हत्या।
हत्या के आरोप में मां-बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
आरा। भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपबांध गांव में पारिवारिक जमीन विवाद के बीच एक भतीजे पर अपने सगे चाचा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक रूपबांध गांव निवासी स्वर्गीय रामू यादव के 70 वर्षीय पुत्र काशीनाथ सिंह उर्फ काशी यादव है। वह पेशे से किसान थे और अपने परिवार के साथ गांव में रहते थे।
Roopbandh Jagdishpur News: जमीन विवाद बना हत्या की वजह
इधर, मृतक के चचेरे भतीजे खखनु सिंह ने बताया कि परिवार के बीच जमीन का बंटवारा पहले ही हो चुका है और सभी भाइयों को बराबर हिस्सा मिल चुका है। इसके बावजूद मृतक की भावह अपने बेटे को यह कहती थी कि उसके चाचा ने लगभग दो कट्ठा जमीन अधिक ले रखी है। इसी बात को लेकर परिवार में कई दिनों से तनाव और विवाद चल रहा था। गुरुवार की दोपहर जब वह खेत पर थे, तभी भतीजे ने गुस्से में आकर चाचा पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
मौके पर ही हुई मौत: हमले में काशीनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों और परिजनों के अनुसार, मारपीट इतनी बर्बर थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे।
आरोपित मां-बेटे गिरफ्तार
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष आशीष कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपितों की पहचान की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपित सुनील यादव को पकड़ने के लिए पीछा किया और करीब दो किलोमीटर तक खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया। वहीं, उसकी मां सहिया देवी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गुरुवार की शाम जगदीशपुर थाने में प्रेस वार्ता कर एसडीपीओ रवि कुमार ने बताया कि इस मामले में मां-बेटे समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में जमीन का पट्टेदारी विवाद हत्या का कारण सामने आया है। विवाद कब से चल रहा था और इसके अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।











