Shahpur CCTV: नगर प्रशासन ने शाहपुर थाना पुलिस के सहयोग के लिए नगर क्षेत्र में लगे खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत शुरू कराई है। 15 सीसीटीवी कैमरे चालू, शेष बंद पड़े कैमरों को भी जल्द दुरुस्त करने का काम जारी है।
हाइलाइट: Shahpur CCTV
शाहपुर नगर पंचायत क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत
नगर में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू कराया गया
प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों की निगरानी शुरू
शाहपुर/आरा। दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पंचायत शाहपुर ने महत्वपूर्ण पहल की है। नगर प्रशासन ने शाहपुर पुलिस के सहयोग के लिए नगर क्षेत्र में लगे खराब सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत शुरू कराई है।
नगर में कुल 18 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें से करीब 17 खराब थे। 15 खराब कैमरे को ठीक कर लिया गया है। नगर प्रशासन की पहल पर इन कैमरों की मरम्मत कर उन्हें दोबारा चालू करा दिया गया है। शेष बंद पड़े कैमरों को भी जल्द दुरुस्त करने का काम जारी है।
Shahpur CCTV : दुर्गा पूजा से पहले सभी कैमरों को चालू कराने का लक्ष्य
इस पहल में नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शुभम कुमार तिवारी के निर्देशनुसार नगर कर्मी अखिलेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कैमरा मैकेनिक मदन प्रसाद ने कम समय में खराब कैमरों को दुरुस्त कर सराहनीय कार्य किया। उनके प्रयासों की नगर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
नगर कर्मी अखिलेश कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखना बेहद जरूरी है। सीसीटीवी कैमरों के चालू होने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, संदिग्ध लोगों की पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने में शाहपुर थाना पुलिस को मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पर्व से पहले नगर क्षेत्र में बंद पड़े शेष सीसीटीवी कैमरों को भी चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर प्रशासन का लक्ष्य है कि दुर्गा पूजा से पहले सभी कैमरे काम करने लगें, ताकि नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सके।











