Shahpur MLA murder conspiracy: भोजपुर जिला के शाहपुर विधायक राकेश रंजन उर्फ राकेश रंजन ओझा की हत्या की कथित साजिश से जुड़ा मामला सामने आया है।
- हाइलाइट: Shahpur MLA murder conspiracy
- गुमनाम पत्र के बाद हरकत में आई पुलिस, जांच के बाद दर्ज हुई प्राथमिकी
आरा: भोजपुर जिला के शाहपुर विधायक राकेश रंजन उर्फ राकेश रंजन ओझा की हत्या की कथित साजिश से जुड़ा मामला सामने आया है। गुमनाम पत्र मिलने और पुलिस जांच के बाद करनामेपुर थाना में भागलपुर केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक समेत चार लोगों के विरुद्ध आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।
विधायक राकेश रंजन ओझा ने बताया कि कुछ दिन पूर्व उन्हें एक गुमनाम पत्र प्राप्त हुआ था। पत्र में आरोप लगाया गया था कि भागलपुर केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक राजीव कुमार झा जेल में बंद आरा व्यवहार न्यायालय बम ब्लास्ट कांड के आरोपित लंबू शर्मा, बक्सर जिले के ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के जोगिया गांव निवासी कुबेर मिश्रा तथा सोनबरसा गांव निवासी हरीश मिश्रा के साथ मिलकर उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं।
Shahpur MLA murder conspiracy : हैंड ग्रेनेड बम तक की व्यवस्था का दावा
पत्र में यह भी दावा किया गया था कि जेल अधीक्षक हरेश मिश्रा व कुबेर मिश्रा दोनों बंदियों को सेल से बाहर निकालकर अलग से घंटों बातचीत करते हैं तथा विधायक की हत्या के लिए हैंड ग्रेनेड बम तक की व्यवस्था कर ली गई है। साथ ही लंबू शर्मा के शूटर के माध्यम से आपके हत्या का फुलप्रूफ प्रबंद कर लिया गया है।
विधायक ने बताया कि पत्र मिलने के बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी और गुमनाम पत्र जांच के लिए सौंप दिया। पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच की। जांच के बाद करनामेपुर थाना में भागलपुर केंद्रीय कारा के जेल अधीक्षक राजीव कुमार झा, लंबू शर्मा, कुबेर मिश्रा एवं हरीश मिश्रा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्धारण किया जाएगा।

