Shahpur News: शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड-10 में वर्ष 2023 में धराशायी हुई सीमेंटेड जलमीनार का पुनर्निर्माण आज तक नहीं हो सका। जिस जमीन को हादसे का कारण बताते हुए दलदली बताया गया था, उसी स्थान पर अब सीमेंटेड स्वागत द्वार का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
- हाइलाइट्स: Shahpur News
- शाहपुर में गिरी जलमीनार की फाइल अब भी धूल फांक रही, स्वागत द्वार पर उठे नए सवाल।
- नगर पंचायत के वार्ड-10 में 11 जून 2023 को पानी से भरी जलमीनार धराशायी हो गई थी।
- जिस जमीन को दलदली बताकर जिम्मेदारी से बचा गया, वहीं अब बन रहा है सीमेंटेड स्वागत द्वार।
आरा। जिले के शाहपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-10 में लाखों रुपये की लागत से निर्मित सीमेंटेड वाटर टावर टंकी के धराशायी होने की घटना आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। 11 जून 2023 की रात अचानक पानी से भरी जलमीनार भरभराकर गिर गई थी। तेज धमाके की आवाज से आसपास के लोग घबरा गए थे और रात के अंधेरे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
Shahpur News: पानी के बहाव से मची थी दहशत
जलमीनार में हजारों लीटर पानी भरा हुआ था। टंकी गिरते ही पानी का तेज बहाव आसपास के घरों में घुस गया था। उस समय कोई खाना बना रहा था तो कोई भोजन की तैयारी कर रहा था। हादसे के कारण स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैल गई थी। घटना में एक गर्भवती महिला सहित तीन लोग आंशिक रूप से घायल हुए थे।
निर्माण गुणवत्ता पर उठे थे सवाल
नव निर्मित जलमीनार के इस प्रकार धराशायी होने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए थे। लोगों का आरोप था कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। हालांकि तब संबंधित विभाग और नगर प्रशासन की ओर से जमीन को दलदली बताते हुए इसे हादसे का प्रमुख कारण बताया गया था।
पुनर्निर्माण का वादा अधूरा: घटना के बाद नगर प्रशासन ने क्षतिग्रस्त जलमीनार के स्थान पर नई जलमीनार के निर्माण का आश्वासन दिया था। लेकिन वर्षों गुजर जाने के बाद भी पुनर्निर्माण का कार्य शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फाइल नगर पंचायत कार्यालय में धूल फांक रही है और कार्रवाई के नाम पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।
स्वागत द्वार निर्माण से उठे नए सवाल
अब इस पूरे मामले में एक नया अध्याय जुड़ता दिखाई दे रहा है। जिस जमीन को जलमीनार गिरने का कारण बताते हुए दलदली घोषित किया गया था, उसी स्थान पर सीमेंटेड स्वागत द्वार का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि यदि यह जमीन जलमीनार का भार सहन करने योग्य नहीं थी, तो उसी भूमि पर नए स्थायी निर्माण कार्य की अनुमति कैसे दी गई है।
जवाबदेही पर नजर: स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जलमीनार हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही अब तक तय नहीं की गई है। वहीं पुनर्निर्माण का वादा अधूरा रहने और अब उसी स्थान पर नए निर्माण कार्य शुरू होने से नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों की मांग है कि पहले अधूरी पड़ी जलापूर्ति योजना को पूरा किया जाए।












