Shramjeevi: बनाही स्टेशन और सिकरिया हाल्ट के बीच श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस का पेंटोग्राफ टूटने से ट्रेन 40 मिनट तक खड़ी रही। तकनीकी टीम ने मरम्मत कर ट्रेन को रवाना किया। कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुईं।
हाइलाइट:Shramjeevi
बनाही और सिकरिया हाल्ट के बीच श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन 40 मिनट तक रुकी रही।
ओएचई से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण बीच रास्ते में ठप हुआ ट्रेन संचालन।
तकनीकी खराबी से अप लाइन की कई ट्रेनें प्रभावित, विभिन्न स्टेशनों पर रोकी गईं।
बिहिया/आरा। पंडित दीनदयाल उपाध्याय-दानापुर रेलखंड पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के इंजन का पेंटोग्राफ अचानक टूट गया। घटना बनाही स्टेशन और सिकरिया हाल्ट के बीच पोल संख्या 627/3 के पास हुई, जिसके कारण ट्रेन करीब 40 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। सूचना मिलते ही रेलवे के तकनीकी कर्मी मौके पर पहुंचे और मरम्मत के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12391 श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस बिहिया स्टेशन से देरी से खुली थी और डुमरांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान इंजन के ऊपर लगा पेंटोग्राफ क्षतिग्रस्त हो गया। पेंटोग्राफ के जरिए ही इंजन को ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार (ओएचई) से बिजली की आपूर्ति होती है। इसके टूटने के कारण इंजन की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई और ट्रेन को बीच मार्ग में रोकना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे की टेक्नीशियन टीम मौके पर पहुंची और करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद तकनीकी खराबी दूर की। मरम्मत पूरी होने के बाद श्रमजीवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को डुमरांव, बक्सर होते हुए नई दिल्ली के लिए रवाना किया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री को चोट नहीं पहुंची और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
Shramjeevi: पेंटोग्राफ खराबी से कई ट्रेनों की रफ्तार थमी
श्रमजीवी एक्सप्रेस के पेंटोग्राफ में आई खराबी का असर अप लाइन के रेल परिचालन पर भी पड़ा। कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोकना पड़ा।
उधना स्पेशल (09046) को बिहिया स्टेशन पर रोका गया।
पटना-कोटा एक्सप्रेस (13239) कारीसाथ स्टेशन पर खड़ी रही।
सिकंदराबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12792) को कारीसाथ स्टेशन पर रोका गया।
दानापुर-सोगड़िया एक्सप्रेस (19802) कुल्हड़िया स्टेशन पर खड़ी रही












