Sikariya Halt News: आरा-बक्सर रेलखंड के सिकरिया रेलवे हाल्ट पर मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह दानापुर स्पेशल 01143 ट्रेन से उतरते तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
- हाइलाइट:
- सिकरिया रेलवे हाल्ट पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई
- दानापुर स्पेशल 01143 ट्रेन से उतरते तीन युवक गिरफ्तार
- आरोपियों के बैग से कुल 72 लीटर केन बीयर बरामद
आरा/बिहिया। आरा-बक्सर रेलखंड के सिकरिया रेलवे हाल्ट पर मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने गुरुवार सुबह दानापुर स्पेशल 01143 ट्रेन से उतरते तीन युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके पीठू बैग से कुल 72 लीटर केन बीयर बरामद की गई। तीनों के पास से 24-24 लीटर बीयर मिली।
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि दानापुर स्पेशल ट्रेन के माध्यम से शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम ने सिकरिया हाल्ट के पास निगरानी शुरू की। ट्रेन के रुकने के बाद जैसे ही तीन युवक बैग लेकर नीचे उतरे, टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पटना जिले के नेउरा निवासी सुजीत चौहान के पुत्र सुमित कुमार, बिहटा निवासी कृष्णा सिंह के पुत्र मनीष कुमार और बिहटा निवासी धनजी साह के पुत्र पीयूष कुमार के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब की खेप लाने में असनी, उदवंतनगर निवासी रवि केसरी की भूमिका सामने आई है। उसके दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान अभी नहीं हो सकी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
Sikariya Halt News: शराब तस्करी के खिलाफ लगातार छापेमारी
जगदीशपुर उत्पाद विभाग की टीम शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है।











