Ramayana era: सनातनी गंगा फाउंडेशन की श्रीलंका यात्रा 13 से 23 दिसंबर 2026 तक होगी। 17 से 19 दिसंबर तक सीतोत्सव, रन फॉर मां सीता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
- हाइलाइट्स: Ramayana era
- 13 से 23 दिसंबर 2026 तक होगी श्रीलंका भ्रमण यात्रा।
- 17 से 19 दिसंबर तक आयोजित होगा सीतोत्सव 2026।
- ‘रन फॉर मां सीता’ में दिखेगा नारी शक्ति का संदेश।
- श्रद्धालु सीता अम्मन मंदिर, सिगिरिया, रामबोडा और रावण केव्स जाएंगे।
- भोजपुर से अब तक 13 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन, 20 हजार रुपये जमा।
Ramayana era आरा। बिहार की पावन धरती, मिथिला की सांस्कृतिक विरासत और श्रीलंका से जुड़ी रामायणकालीन स्मृतियों को एक सूत्र में पिरोने की तैयारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में सनातनी गंगा फाउंडेशन की ओर से दिसंबर 2026 में दस दिवसीय श्रीलंका भ्रमण यात्रा और ‘सीतोत्सव 2026’ का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर बुधवार को आरा शहर के शुभ नारायण नगर, मझौंवा स्थित संभावना आवासीय उच्च विद्यालय के जुबली हॉल में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सनातनी गंगा फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने बताया कि श्रीलंका भ्रमण यात्रा 13 से 23 दिसंबर 2026 तक प्रस्तावित है। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्रीलंका की उन प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का दर्शन करेंगे, जिन्हें रामायण की कथाओं और परंपराओं से जोड़कर देखा जाता है। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ भारत और श्रीलंका के बीच साझा सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को सामने लाना है।
डॉ. अर्चना सिंह ने कहा कि सीतोत्सव से पहले यात्रा में शामिल श्रद्धालु लंकापति रावण की नगरी से जुड़े माने जाने वाले विभिन्न स्थलों का भ्रमण करेंगे। यात्रा के दौरान मुन्नेश्वरम और मनावरी मंदिर का दर्शन कराया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी स्थान पर भगवान श्रीराम ने ब्रह्महत्या दोष निवारण के लिए भगवान शिव की पूजा की थी और अपने हाथों से पहला रामलिंगम स्थापित किया था।
इसके अलावा श्रद्धालु तिरुकेथीस्वरम और कोनेश्वरम मंदिर भी जाएंगे। इन प्राचीन शिव मंदिरों को श्रीलंका के पंच ईश्वरम मंदिरों में प्रमुख स्थान प्राप्त है। आयोजकों के अनुसार, इन मंदिरों का संबंध भगवान शिव की आराधना, रावण की भक्ति और रामायणकालीन धार्मिक परंपराओं से जुड़ा हुआ है।
Ramayana era : रामायणकालीन स्थलों का करेंगे दर्शन
श्रीलंका यात्रा के दौरान सिगिरिया रॉक फोर्ट्रेस भी प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजकों का कहना है कि इस स्थल को रावण के प्रशासनिक महल और पुष्पक विमान के स्टेशन से जुड़ी मान्यताओं के कारण विशेष महत्व प्राप्त है। यात्रियों को यहां की ऐतिहासिक संरचना, प्राकृतिक सौंदर्य और इससे जुड़ी पौराणिक कथाओं से परिचित कराया जाएगा।
यात्रा कार्यक्रम में सीता कोटुवा भी शामिल है। इसे रानी मंदोदरी के महल और उस स्थान के रूप में बताया जाता है, जहां रावण द्वारा माता सीता को हरण के बाद रखा गया था। इसके बाद श्रद्धालु सीता अम्मन मंदिर पहुंचेंगे, जिसे रामायण की अशोक वाटिका से जोड़ा जाता है। आयोजकों के अनुसार, इसी स्थान पर माता सीता ने कठिन समय भक्ति और धैर्य के साथ बिताया था। मंदिर परिसर में हनुमान जी के पदचिह्नों से जुड़ी मान्यताएं भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
यात्रा में दिवुरुमपोला मंदिर का दर्शन भी कराया जाएगा। धार्मिक मान्यताओं में इस स्थान को माता सीता की अग्नि परीक्षा से संबंधित बताया जाता है। वहीं, रामबोडा हनुमान मंदिर को उस स्थल के रूप में देखा जाता है, जहां हनुमान जी ने माता सीता की खोज के दौरान अपनी सेना को एकत्र किया था।
श्रद्धालु एला स्थित रावण केव्स एवं फॉल्स का भी भ्रमण करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इन गुफाओं को युद्ध के समय माता सीता की सुरक्षा से जुड़ी गुप्त गुफाओं के रूप में माना जाता है। इसके अतिरिक्त तोंदेश्वरम मंदिर का दर्शन भी यात्रा कार्यक्रम का हिस्सा होगा। इस मंदिर को युद्ध के बाद धर्मपरायण विभीषण के राज्याभिषेक से जुड़ी मान्यताओं के कारण महत्वपूर्ण बताया गया है।
17 से 19 दिसंबर तक होगा सीतोत्सव
सनातनी गंगा फाउंडेशन के महासचिव शंभू प्रसाद चौरसिया, सचिव डॉ. कृष्णा कुमार और कोषाध्यक्ष अमर प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह बबुआन ने कहा कि श्रीलंका भ्रमण यात्रा केवल पर्यटन नहीं, बल्कि एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक यात्रा है। उन्होंने कहा कि यह भोजपुर और बिहार के लिए गर्व की बात है कि माता सीता की जन्मभूमि मानी जाने वाली मिथिला की धरती से श्रद्धालु श्रीलंका जाकर रामायण की साझा विरासत को करीब से महसूस करेंगे।
सीतोत्सव 2026 का मुख्य आयोजन 17 से 19 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इस दौरान माता सीता के सम्मान और नारी शक्ति के प्रतीक के रूप में ‘रन फॉर मां सीता’ विशेष दौड़ का आयोजन होगा। आयोजकों के अनुसार, यह दौड़ महिलाओं के सम्मान, साहस और आत्मबल का संदेश देगी।
सीतोत्सव में भारत और श्रीलंका की साझा रामायण विरासत पर आधारित सांस्कृतिक मंचन भी प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम में मिथिला, बिहार की प्रसिद्ध लोक कला और हस्तशिल्प को विशेष स्थान दिया जाएगा। इसके साथ ही श्रीलंका के प्रामाणिक कीमती रत्नों यानी जेम्स की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।
आयोजकों ने कहा कि इस आयोजन में मिथिला की पावन मिट्टी की सांस्कृतिक सुगंध और श्रीलंका के रामायणकालीन इतिहास का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। धार्मिक आस्था, लोककला, सांस्कृतिक प्रस्तुति और ऐतिहासिक स्थलों का यह मेल श्रद्धालुओं एवं दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित होगा।
भोजपुर से 13 लोगों ने कराया रजिस्ट्रेशन
सनातनी गंगा फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि श्रीलंका भ्रमण यात्रा और सीतोत्सव में भाग लेने के लिए भोजपुर जिले से अब तक 13 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इन प्रतिभागियों ने ठहरने और यात्रा भत्ता से संबंधित अग्रिम राशि के रूप में 20 हजार रुपये का भुगतान भी कर दिया है।
फाउंडेशन की ओर से लोगों से अपील की गई कि वे इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक आयोजन का हिस्सा बनें। आयोजकों का कहना है कि ‘सीतोत्सव 2026’ केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारत और श्रीलंका के बीच सदियों पुरानी सांस्कृतिक स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सनातनी गंगा फाउंडेशन भोजपुर के पदाधिकारी अवधेश कुमार पांडेय, राम अनुज सिंह, विकास सिंह, ऋषिकेश कुमार सिंह, प्रतिमा सिंह, डॉ. संदीप कुमार, विष्णु शंकर और नवीन प्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।












