Siyadih road accident: आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर चरपोखरी थाना क्षेत्र के सियाडीह गांव के पास हुआ हादसा, दुर्गा पूजा पंडाल का सामान खरीदकर लौट रहे थे दोनों दोस्त
- हाइलाइट:Siyadih road accident
- आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर सियाडीह गांव के पास हुआ हादसा
आरा। भोजपुर जिले में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में रोहतास के दो युवकों की मौत हो गई। हादसा आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर चरपोखरी थाना क्षेत्र के सियाडीह गांव के समीप हुआ, जहां अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो दोस्तों को रौंद दिया।
मृतकों की पहचान रोहतास जिले के सासाराम थाना क्षेत्र के सासाराम गांव, वार्ड नंबर 23 निवासी नंदू राम के 22 वर्षीय पुत्र बाल्मीकि कुमार और उसी गांव के निवासी स्वर्गीय मुन्ना प्रसाद उर्फ शिव शंकर प्रसाद के 26 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक आरा से दुर्गा पूजा पंडाल का सामान खरीदकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सियाडीह गांव के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर परिजन चरपोखरी थाना पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद मृतकों के घर में हाहाकार मच गया है। उनके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।











