Sonu Singh Hematpur: भोजपुर के धोबहा थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय सोनू सिंह की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा।
हाइलाइट्स: Sonu Singh Hematpur
बदमाशों ने युवक के सिर में काफी करीब से गोली मारी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मैनपुरा गांव में रविवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने 20 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान हेमतपुर गांव निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई है। मृतक का मोबाइल फोन गायब ।
आरा: जिले के धोबहा थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव में रविवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के पास हुई। बदमाशों ने युवक के सिर में काफी करीब से गोली मारी, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना को लेकर गांव एवं आसपास की इलाके में सनसनी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के हेमतपुर गांव निवासी स्वर्गीय मुन्ना सिंह के 20 वर्षीय पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोनू बाहर रहकर एक निजी कंपनी में काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। हेमतपुर और मैनपुरा गांव एक-दूसरे से सटे हुए हैं। रविवार शाम सोनू पैदल घूमने के लिए मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर की ओर गया था। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने उसे गोली मार दी।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग करते हुए शव को मौके से उठने नहीं दिया।
Sonu Singh Hematpur : मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिला
सूचना मिलने पर साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार और धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
हालांकि, बदमाशों ने उसकी गोली मारकर हत्या क्यों की? इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। वहीं मृतक का मोबाइल फोन भी घटनास्थल से नहीं मिला है। मोबाइल मिलने के बाद हत्या से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग सामने आ सकते हैं।
साइबर डीएसपी सह प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 रौशन कुमार ने बताया कि परिजनों की ओर से हत्या का कारण स्पष्ट नहीं बताया गया है। पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि सोनू सिंह अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता मुन्ना सिंह की कुछ वर्ष पहले मौत हो चुकी है। परिवार में उसकी मां मीना देवी हैं। बेटे की हत्या के बाद घर में कोहराम मच गया है। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।











