Tarari Crime News: भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र मोहित राज की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। परिजनों ने पैसे की लालच में गांव के दो युवकों पर पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
- हाइलाइट्स:Tarari Crime News
- एटीएम से 6 हजार रुपये निकालकर घर लौट रहा था 8वीं का छात्र।
- अगले दिन सुबह करथ गांव के पास बरामद हुआ किशोर का शव।
- परिजनों ने पैसे की लालच में गांव के दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया।
आरा। भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। करथ गांव के समीप एटीएम से रुपये निकालकर घर लौट रहे 14 वर्षीय छात्र की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान दुर्गपुर गांव निवासी सत्येंद्र सिंह उर्फ अलगू के पुत्र मोहित राज के रूप में हुई है। वह स्थानीय विद्यालय में आठवीं कक्षा का छात्र था।
Tarari Crime News: करथ गांव के बिरहर करहा से शव बरामद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम मोहित राज करथ गांव स्थित एटीएम से रुपये निकालने गया था। बुधवार की सुबह उसका शव करथ गांव स्थित बिरहर करहा के पास बरामद किया गया। शव पर चोट के निशान मिले हैं। मृतक के बाएं ललाट और आंख के ऊपर जख्म के निशान पाए गए, जबकि जीभ भी बाहर निकली हुई थी। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई।
परिजनों का आरोप
इधर, मृतक के पिता सत्येंद्र सिंह उर्फ अलगू ने बताया कि उनका पुत्र मंगलवार की शाम करीब सात बजे एटीएम से छह हजार रुपये निकालकर घर लौट रहा था। उनका आरोप है कि गांव के ही दो युवकों ने उसे एटीएम से पैसे निकालते हुए देख लिया और उसका पीछा किया। इसके बाद पैसे की लालच में उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई।
रातभर होती रही तलाश
परिजनों के अनुसार, मोहित देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह ग्रामीणों ने करथ गांव के पास एक शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान मोहित राज के रूप में की।
हत्या का कारण स्पष्ट नहीं, मामले की जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं।
तरारी थानाध्यक्ष पंकज कुमार चौरसिया ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संग्रह किया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मोहित राज अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में मां मानती देवी, भाई रोहित कुमार और बहन डौली कुमारी हैं। बड़े बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है।











