BJP Jungle Raj: बिहार के जमुई में नाबालिग बच्चों के साथ हुई घिनौनी घटना को भाई दिनेश ने राज्य की गिरती कानून-व्यवस्था का प्रमाण बताया।
- हाइलाइट: BJP Jungle Raj
- जंगल राज के दावों की सच्चाई अब किसी से छिपी नहीं है: भाई दिनेश
- जमुई की घटना और भाजपा राज व्यवस्था पर पूर्व विधायक का तीखा प्रहार
आरा। बिहार के जमुई में घटी हालिया घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। इस संदर्भ में पूर्व विधायक भाई दिनेश ने मुखर होते हुए इसे असली जंगल राज की संज्ञा दी है। उनका मानना है कि आज की प्रशासनिक स्थिति उन दावों की पोल खोलने के लिए पर्याप्त है, जो लंबे समय से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जाते रहे हैं।
भाई दिनेश ने कहा कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के शासनकाल को एक सोची-समझी रणनीति के तहत सामंती मानसिकता वाले लोगों ने बदनाम करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि उस कालखंड को जंगल राज का नाम देकर जनता के बीच एक नकारात्मक छवि गढ़ने की कोशिश की गई, जबकि उस समय गरीबों और वंचितों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि एक खास विचारधारा के लोगों ने अपने निहित स्वार्थों के लिए उन शब्दों का प्रयोग किया जो वास्तविकता से परे थे।
BJP Jungle Raj : जमुई में नाबालिग बच्चों के साथ हुई घिनौनी घटना
वर्तमान परिप्रेक्ष्य की चर्चा करते हुए भाई दिनेश ने कहा कि आज भाजपा के नेतृत्व वाली शासन व्यवस्था में हकीकत जनता के सामने पूरी तरह स्पष्ट हो चुकी है। उन्होंने खुलेआम सड़कों पर होने वाली आपराधिक वारदातों का उल्लेख करते हुए बिहार के जमुई में नाबालिग बच्चों के साथ हुई घिनौनी घटना को राज्य की गिरती कानून-व्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार से अपराधी बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, वह किसी भी सभ्य समाज के लिए चिंता का विषय है।
चुप्पी का ताला क्यों लगा है?
पूर्व विधायक ने उन लोगों और राजनीतिक आलोचकों पर भी निशाना साधा जो राजद के शासनकाल को जंगल राज बताकर उसकी आलोचना करते नहीं थकते थे। उन्होंने सवाल किया कि आज जब प्रदेश में अपराध का ग्राफ बढ़ा है और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर संकट मंडरा रहा है, तो वे लोग चुप क्यों हैं? उनके मुख पर आज चुप्पी का ताला क्यों लगा है? क्या यह दोहरा मापदंड नहीं है कि एक दौर में आलोचना करने वाले आज इन घटनाओं पर मौन साधे हुए हैं?
अंत में भाई दिनेश ने कहा की जंगल राज का नाम देकर जनता के बीच गरीबों के मसीहा लालू प्रसाद यादव की एक नकारात्मक छवि गढ़ने की कोशिश की गई, अब जनता सब जान चुकी है और आने वाले समय में इसका जबाब जरूर देंगी। जंगल राज के दावों की सच्चाई अब किसी से छिपी नहीं है।











