Transfer: गृह विभाग ने 11 अक्टूबर को जारी किया आदेश; एएसपी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को साइबर क्राइम, यातायात, रेल पुलिस और विभिन्न पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारी दी गई।
- हाइलाइट्स: Transfer
- संजय कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया।
- अजय कुमार सिंह की तैनाती विशेष कार्य बल, बिहार में की गई।
- नवीन कुमार को मधुबनी में साइबर क्राइम इकाई का डीएसपी बनाया गया।
- कृष्णा कुमार को सीवान में यातायात पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी मिली।
- छपरा सदर, सीवान सदर, जगदीशपुर, डुमरांव, बारसोई और मसौढ़ी में भी नई पोस्टिंग
पटना: बिहार में पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बड़ा बदलाव किया गया है। गृह विभाग की ओर से 11 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के 27 अधिकारियों का नया पदस्थापन किया गया है। अधिकारियों को जिलों के अलावा साइबर क्राइम, यातायात, रेल पुलिस, विशेष शाखा, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो और अन्य पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारी दी गई है।
आदेश के अनुसार, संजय कुमार झा को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार, पटना में अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। अजय कुमार सिंह को विशेष कार्य बल, बिहार, पटना में तैनात किया गया है। वहीं, सुरेंद्र कुमार सिंह को मद्यनिषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो में नई जिम्मेदारी दी गई है।
रामपुकार सिंह को बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-14, पटना भेजा गया है। भास्कर रंजन को डुमरांव, बक्सर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Transfer: साइबर क्राइम और यातायात इकाइयों में बदलाव
पुलिस विभाग में साइबर क्राइम और यातायात इकाइयों को भी नए अधिकारी मिले हैं। नवीन कुमार को मधुबनी में साइबर क्राइम इकाई का पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। मनीष चंद्र चौधरी को मधेपुरा और दीपक कुमार को मुजफ्फरपुर में नई जिम्मेदारी दी गई है।
मंगलेश कुमार सिंह को कटिहार जिले के बारसोई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनाया गया है। लव कुमार को शेखपुरा में साइबर क्राइम इकाई का डीएसपी नियुक्त किया गया है। वहीं, कृष्णा कुमार को सीवान में यातायात पुलिस उपाधीक्षक के पद पर तैनात किया गया है।
छपरा, सीवान और भोजपुर में नई पोस्टिंग
आदेश के तहत सुमित शेखर को छपरा सदर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 की जिम्मेदारी दी गई है। प्रांजल को सीवान सदर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 बनाया गया है।
रवि कुमार को भोजपुर जिले के जगदीशपुर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, आशुतोष कुमार को कटिहार में रेल पुलिस उपाधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
कई अन्य अधिकारियों को भी मिली जिम्मेदारी
धीरेंद्र कुमार को सुपौल के भीमनगर में पुलिस उपाधीक्षक बनाया गया है। सुमन कुमार शर्मा को पुलिस महानिदेशक, रेलवे के कार्यालय में तैनात किया गया है। इसके अलावा जय प्रकाश सिंह को डुमरांव, संतोष कुमार पोद्दार को खगड़िया और आशीष राज को पटना जिले के मसौढ़ी में नई जिम्मेदारी दी गई है।
गृह विभाग के आदेश में अधिकारियों के वर्तमान और नए पदस्थापन का विस्तृत विवरण दिया गया है। आदेश के अनुसार, जिन अधिकारियों का अन्यत्र पदस्थापन नहीं हुआ है, वे अपने स्थान पर तैनात अधिकारियों को प्रभार सौंपने के बाद अगले आदेश तक बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में पदस्थापन की प्रतीक्षा करेंगे।











