Narayanpur News: नारायणपुर थाना क्षेत्र के भलुनी गांव में न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई, लंबे समय से फरार चल रहा है आरोपित
- हाइलाइट्स: Narayanpur News
- उप मुखिया सह वार्ड सदस्य पर फायरिंग मामले में कुर्की-जब्ती की कार्रवाई।
- भलुनी गांव निवासी पप्पू कुमार के घर पुलिस ने की छापेमारी।
- टेबल, कुर्सी, कूलर, सिलाई मशीन समेत कई सामान जब्त।
- घर के खिड़की-दरवाजे भी उखाड़ कर ले गई पुलिस।
- सितंबर 2024 में उप मुखिया दीपक कुमार केसरी को मारी गई थी गोली।
- मामले में नाम आने के बाद से फरार चल रहा है आरोपित।
आरा। भोजपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र में उप मुखिया सह वार्ड सदस्य पर फायरिंग मामले में फरार चल रहे आरोपित के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने भलुनी गांव निवासी वेद प्रकाश सिंह के पुत्र पप्पू कुमार के घर पहुंचकर कार्रवाई की।
कुर्की-जब्ती के दौरान पुलिस ने आरोपित के घर से टेबल, कुर्सी, कूलर, सिलाई मशीन सहित अन्य घरेलू सामान जब्त कर पिकअप वाहन पर लोड कर थाने पहुंचाया। इसके अलावा ड्रिल मशीन की सहायता से घर में लगे खिड़की और दरवाजे भी उखाड़ लिए गए। कार्रवाई के दौरान नारायणपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
Narayanpur News: उप मुखिया दीपक कुमार केसरी को मारी गई थी गोली
बता दें कि बीते 15 सितंबर 2024 को संदेश थाना क्षेत्र के फुलाड़ी मोड़ के समीप हथियारबंद अपराधियों ने बाजार से लौट रहे खंडोल पंचायत के उप मुखिया सह संदेश गांव के वार्ड संख्या-14 के वार्ड सदस्य दीपक कुमार केसरी पर फायरिंग कर दी थी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे।
घटना के बाद घायल दीपक कुमार केसरी ने संदेश थाना में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अनुसंधान के क्रम में पप्पू कुमार का नाम सामने आया था। इसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा है। न्यायालय के निर्देश पर उसकी गिरफ्तारी के प्रयासों के बीच कुर्की-जब्ती की यह कार्रवाई की गई।








