Sikarhata News: सिकरहटा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घर से लाखों रुपये मूल्य के चोरी गए आभूषण किए गए जब्त
हाइलाइट्स:Sikarhata News
सिकरहटा थाना पुलिस ने चोरी के मामले में आरोपित महिला को गिरफ्तार किया।
महिला की निशानदेही पर 35 ग्राम सोना और 350 ग्राम चांदी के गहने बरामद।
चोरी की घटना के विरोध में ग्रामीणों ने चार घंटे तक सड़क जाम कर जताया था आक्रोश।
आरा। भोजपुर जिले की सिकरहटा थाना पुलिस ने चोरी के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला की निशानदेही पर चोरी किए गए 35 ग्राम सोने एवं 350 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार महिला की पहचान सिकरहटा थाना क्षेत्र के कुरमुरी गांव निवासी संतोष साह की पत्नी बेबी देवी के रूप में हुई है।
इस संबंध में भोजपुर पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कार्रवाई की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, 21 अक्टूबर की रात कुरमुरी गांव निवासी स्वर्गीय जय यादव की पत्नी रंजू कुंअर के घर में एक महिला घुस गई और उनकी दोनों पुत्रियों के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार होने का प्रयास करने लगी।
इसी दौरान गांव के एक व्यक्ति की नजर उस पर पड़ गई। शोर मचाने पर स्थानीय लोग जुट गए और महिला से पूछताछ की गई। हालांकि उसने चोरी के आरोप से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता रंजू कुंअर ने सिकरहटा थाना में बेबी देवी के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
Sikarhata News: पुलिस ने बेबी देवी को किया गिरफ्तार, चोरी गए आभूषण बरामद
प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बेबी देवी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर उसके घर से चोरी गए सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद किए गए।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पुलिस कार्रवाई में देरी से नाराज ग्रामीणों ने गुरुवार को कुरमुरी गांव के समीप करीब चार घंटे तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। बाद में पुलिस ने मामले के उद्भेदन और गिरफ्तारी की कार्रवाई कर लोगों को आश्वस्त किया।








