Koilwar News: कोईलवर थाना क्षेत्र में एनएच-922 पर हादसा, दो कथित तस्कर गंभीर रूप से घायल; पटना रेफर, उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज
हाइलाइट्स: Koilwar News
एनएच-922 पर तेज रफ्तार ब्रेजा कार खड़े ट्रक से टकराई।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन से 251.64 लीटर विदेशी शराब बरामद।
दो शराब तस्कर गंभीर रूप से घायल, सदर अस्पताल से पटना रेफर।
बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज।
आरा/कोईलवर। पटना-बक्सर फोरलेन एनएच-922 पर कोईलवर थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना के बाद पुलिस ने वाहन से 251.64 लीटर विदेशी शराब बरामद की। हादसे में कार सवार दो शराब तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह कोईलवर थाना पुलिस को सूचना मिली कि कुल्हाड़ियां स्थित मानो बैजनाथ उच्च विद्यालय के सामने एनएच-922 पर आरा से पटना जाने वाली लेन में एक तेज रफ्तार ब्रेजा कार ने बालू लदे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए कोईलवर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने पटना रेफर कर दिया।
पुलिस द्वारा दुर्घटनाग्रस्त वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 251.64 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र के गुलाबबाग गांव निवासी नंदू यादव के पुत्र कन्हैया कुमार उर्फ छोटू तथा श्रवण यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है।
कोईलवर थाना पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधन) अधिनियम, 2018 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







