Nagar Panchayats: वर्तमान में जगदीशपुर नगर पंचायत में 18, बिहिया में 14 और शाहपुर में 11 वार्ड शहरी सुविधाओं का दायरा बढ़ने की जगी उम्मीद
- हाइलाइट:Nagar Panchayats
- जगदीशपुर, बिहिया और शाहपुर के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ एसडीएम ने की बैठक
आरा। भोजपुर जिला अंतर्गत जगदीशपुर अनुमंडल क्षेत्र की तीनों नगर पंचायतों के क्षेत्र विस्तार और वार्डों के पुनर्गठन की दिशा में प्रशासनिक पहल तेज हो गई है। इसे लेकर गुरुवार को एसडीएम ओम प्रकाश लाल ने जगदीशपुर, बिहिया और शाहपुर नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विस्तार से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बैठक में नगर पंचायतों की वर्तमान सीमा, वार्डों की स्थिति, आसपास के क्षेत्रों को शहरी दायरे में शामिल करने की संभावनाओं और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया। बता दें कि वर्तमान में जगदीशपुर नगर पंचायत में 18, बिहिया में 14 और शाहपुर में 11 वार्ड हैं।
क्षेत्र विस्तार की पहल से नगर पंचायतों के आसपास बसे इलाकों को भी शहरी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का रास्ता खुल सकता है। इससे संबंधित क्षेत्रों में सड़क, नाली, बिजली, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और अन्य बुनियादी नागरिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। साथ ही शहरी सुविधाओं के दायरे में अधिक आबादी आने से विकास योजनाओं का लाभ भी व्यापक स्तर पर पहुंच सकेगा।
Nagar Panchayats: नगर पंचायत की सीमा में शामिल होने वाले नए क्षेत्र
वहीं, नगर पंचायत की सीमा में शामिल होने वाले नए क्षेत्रों के निवासियों पर शहरी निकाय से जुड़े करों और शुल्कों का प्रभाव भी पड़ सकता है। मकान व जमीन के होल्डिंग टैक्स और निबंधन से जुड़े शुल्कों और प्रक्रियाओं पर नियमानुसार असर पड़ने की संभावना रहेगी। हालांकि, क्षेत्र विस्तार और उससे जुड़े वित्तीय प्रावधानों का अंतिम स्वरूप सरकारी नियमों एवं स्वीकृति के बाद ही स्पष्ट होगा।
जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में आयोजित बैठक में तीनों नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारियों से क्षेत्र विस्तार की संभावनाओं, अब तक की गई कार्रवाई, लंबित कार्यों और संबंधित अभिलेखों की जानकारी ली गई। प्रशासनिक स्तर पर इन बिंदुओं की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिला पदाधिकारी को भेजी जानी है। इस पहल से तीनों नगर पंचायतों के सुनियोजित शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है।


